Dainik Athah

भाजपा ने लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया है। देश में 80 करोड़ लोग सरकारी राशन पर निर्भर है। 90 फीसदी पढ़ा लिखा नौजवान बेरोजगार है। किसान की आय दोगुनी करने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। बढ़ती बेरोजगारी के कारण परेशान युवा आत्महत्या करने पर विवश है। भाजपा की दस साल की सरकार में कर्ज और गरीबी के कारण एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रही तो बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर का बनाया हुआ संविधान खत्म कर देगी। लोगों का हक और सम्मान छीन लिया जाएगा।

उन्होंने कहा इलेक्टोरल बॉण्ड को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से इलेक्टोरल बॉण्ड की सूची सामने आ जाएगी। जिससे पता चल जाएगा कि इलेक्टोरल बॉण्ड किसने दिये हैं और किसे दिये हैं। भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों का 15 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया। उसके बाद उन्हीं उद्योगपतियों को फिर से कर्ज दे दिया लेकिन सरकार ने किसानों को उनकी फसलों पर एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। भाजपा सरकार किसान विरोधी है।

यादव ने कहा कि भाजपा पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों का हक छीन रही है। भाजपा केवल वोट लेती है, लेकिन पीडीए को उनका अधिकार नहीं देती है। यूपी में विश्वविद्यालयों में जो चांसलर नियुक्त किए गये है, उसमें से कितने पीडीए हैं। वाइस चांसलरों ने जो भर्तियां की है, उसमें कितने पीडीए है। जिलों के अधिकारियों की पोस्टिंग में कितने पीडीए है। भाजपा ने लाखों प्रतियोगी छात्रों के भविश्य के साथ खिलवाड़ किया है। दिखावा करने के लिए भर्ती निकाली थी। भाजपा की नीयत युवाओं को नौकरी रोजगार देने की नहीं थी। सरकार ने जान-बूझकर पेपर लीक कराया, जिससे नौकरी न देनी पड़े।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यही नौजवान भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। भाजपा सरकार ने विकास का कोई काम नहीं किया है। भाजपा के लोग जिन योजनाओं का उद्घाटन कर रहे है वह सब समाजवादी सरकार के काम है। भाजपा का सबका साथ-सबका विकास का नारा झूठा है। भाजपा सरकार में न सबका साथ दिखाई दे रहा है और न सबका विकास दिखाई दे रहा है। इससे ज्यादा झूठा कोई नारा नहीं है। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। इंडिया गठबंधन एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाएगा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेगा। किसानों, नौजवानों, गरीबों की उम्मीद पूरी करेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *