Dainik Athah

एक वोट की ताकत से खत्म हुआ है पांच सदी का इंतजार : योगी आदित्यनाथ

  • सीएम योगी ने कुशीनगर में 2,134 करोड़ की 483 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
  • कुशीनगर में 435 करोड़ से महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का सीएम योगी ने किया शिलान्यास
  • 60 करोड़ की लागत से 25 जनपदों के 49 विकासखंडों में किसान कल्याण केंद्रों का किया शिलान्यास*
  • बोले मुख्यमंत्री, भारत ने तकनीक के माध्यम से अपनी तकदीर को बदला है
  • पडरौना में भगवान बुद्ध के नाम पर कृषि विश्वविद्यालय महात्मा बुद्ध के प्रति हमारा नमन : सीएम

अथाह संवाददाता कुशीनगर। हमने बदलते हुए भारत को देखा है। भारत ने तकनीक के माध्यम से अपनी तकदीर को बदला है। हमारा भारत आज किसी के सामने झुकता नहीं और न तो अपने लक्ष्य से हटता है। ये आपके वोट की ही ताकत है कि पांच सदी का इंतजार खत्म हुआ और अयोध्या में भव्य श्रीराम लला का मंदिर बनकर तैयार हुआ। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसया में आयोजित जनसभा के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने कुशीनगर से 2,134 करोड़ की 483 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। सीएम योगी ने पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत प्रदेश के 20 हजार किसानों को सोलर पम्प की स्थापना हेतु चयन पत्र वितरण का शुभारंभ और 60 करोड़ की लागत से 25 जनपदों के 49 विकासखंडों में किसान कल्याण केंद्रों का शिलान्यास भी किया।

होली के पहले होली का उपहार लेकर आपके पास आए हैं : योगी

उन्होंने कहा कि प्रकृति और परमात्मा की असीम अनुकंपा वाला जनपद है कुशीनगर। भगवान राम के पुत्र कुश के द्वारा स्थापित कुश्मावती ही आज हमारे सामने कुशीनगर के रूप में है। भगवान बुद्ध ने इसे अपने महापरिनिर्वाण के लिए चुना। जैन तीर्थंकर महावीर जी ने कुशीनगर की पावा नगरी को चुना। मगर समय के अनुरूप तकनीक और प्रौद्योगिकी ना मिलने के कारण यहां पलायन की स्थिति बनी थी। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यहां की सभी समस्याओं का समाधान निकाला। इसी का परिणाम है कि आज यहां कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। इसके अलावा तमकुही में गन्ना बीज संस्थान का आधुनिक कॉलेज का भी निर्मित होगा। इन आधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए किसानों की आमदनी को कई गुना तक बढ़ाने में मदद मिलेगी। आज हम सब होली के पहले होली का उपहार लेकर आपके पास आए हैं। पडरौना में भगवान बुद्ध के नाम पर कृषि विश्वविद्यालय महात्मा बुद्ध के प्रति हमारा नमन है।

सीएम ने गिनाईं विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में एयरपोर्ट होगा ये कभी किसी ने नहीं सोचा था। मगर, आज यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित है। यहां मेडिकल कॉलेज का बहुत जल्द उद्घाटन होने जा रहा है। जब एक अच्छी सरकार चुनकर आती है तो समृद्धि के साथ साथ संस्कृति का संवर्धन भी करती है। मुख्यमंत्री ने कुशीनगर में संचालित विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि जनपद में 9 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इसके अलावा 6 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि, 70 हजार से अधिक गरीबों को पीएम आवास प्रदान किये जा चुके हैं। इसी प्रकार हजारों मुसहर और वनटांगिया जनजाति के लोगों को मुख्यमंत्री आवास के अंतर्गत आवास दिये गये हैं। उन्होंने दिव्यांग योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वच्छ भारत अभियान की उपलब्धियां गिनाईं।

लक्ष्मी जी कमल पर बैठकर ही आती हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं के लिए आजीविका के साधन भी उपलब्ध करा रही है साथ ही साथ जन जन की आस्था का भी सम्मान किया जा रहा है। सीएम ने सवाल भी पूछा कि क्या सपा, बसपा या कांग्रेस की सरकार होती तो राम मंदिर का निर्माण हो पाता। उन्होंने कहा कि आज देश की आवाज है, ”फिर एक बार मोदी सरकार।” अगर विकास और समृद्धि चाहिए तो इसके लिए लक्ष्मी जी की कृपा भी चाहिए और लक्ष्मी जी कमल पर बैठकर ही आती हैं।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा, सांसद सांसद विजय कुमार दुबे, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, विधायक विवेकानंद पांडेय, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गौड़, सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा, डॉ असीम कुमार राय, मनीष कुमार जायसवाल, पंचानन्द पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल और अपर मुख्य सचिव देवेश चतुवेर्दी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *