Dainik Athah

बसपा- भाजपा- कांग्रेस छोड़कर अनेक लोग सपा में शामिल

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं से उम्मीद जताई कि वे लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत से साथ देंगे। संघर्ष में उनका साथ समाजवादी पार्टी को मजबूती देगा। उन्होंने कहा यूपी के 80 बिहार के 40 मिलकर भाजपा का सफाया करेंगे। भाजपा जनता के सवालों के घेरे में है। भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए आज बसपा, कांग्रेस और भाजपा को छोड़कर सैंकड़ों नेता अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इनके अतिरिक्त अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के भी कई प्रमुख पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा छोड़कर शिव कुमार बेरिया पूर्व कैबिनेट मंत्री उप्र ने समाजवादी पार्टी में वापसी की। रूदौली जिला बाराबंकी के पूर्व विधायक रूश्दी मियां ने बसपा छोड़कर, अतहर खान भुटटो रसूलाबाद, राम मिलन भारतीय बसपा मंडल कोआर्डिनेटर, सिद्धार्थनगर बसपा छोड़कर, कांग्रेस छोड़कर डा. वीपी शर्मा और बसपा छोड़कर अभिनंदन शर्मा समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा मेरठ के महामंत्री सुधीर कांत शर्मा अपने तमाम साथियों के साथ सपा के सदस्य बन गए। अंकित शर्मा पूर्व प्रत्याशी बड़ोत विधानसभा ने भाजपा छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण की। राजा राजीव कुमार सिंह पूर्व मंत्री उप्र के पुत्र राजा रितेश कुमार सिंह भी सपा के सदस्य बन गए।

इस अवसर पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधायक शाहिद मंजूर, पवन पाण्डेय पूर्व विधायक अयोध्या तथा लालजी यादव जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर की उपस्थिति उल्लेखनीय रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *