Dainik Athah

लोकसभा चुनाव में लड़ाई संविधान रक्षकों और खत्म करने वालों के बीच: अखिलेश यादव

बसपा के पूर्व विधायक गुड्डू जमाली सपा में शामिल

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा संविधान विरोधी काम कर रही है। संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि कभी समुद्र मंथन हुआ था इस बार संविधान मंथन होगा। लोकसभा चुनाव में लड़ाई संविधान रक्षकों और संविधान खत्म करने वालों के बीच है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को आजमगढ़ जिले के पूर्व विधायक और बसपा के वरिष्ठ नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली समाजवादी पार्टी में हजारों समर्थकों के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेस में अखिलेश यादव ने कहा कि एक मजबूत नेता हमारे साथ आया है। इसका संदेश दूर तक जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस पार्टी में आपको अपने घर जैसा लगेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी परिवार लगातार बढ़ रहा है। पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराई हुई है। समाजवादी लोग पीडीए परिवार को जितना बढ़ा लेंगे भाजपा को उतनी आसानी से 2024 के चुनाव में हरा देंगे। पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराहट में है। इसी के कारण भाजपा दूसरी पार्टियों को तोड़ रही हैं। विधायकों को लालच देकर, पैकेज देकर और तरह-तरह के प्रलोभन दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिद्धांत विहीन पार्टी है। भाजपा को एक अलग गुट बना लेना चाहिए। भाजपा सिद्धांत विहीन है। उसमें सभी सिद्धांत विहीन लोगों को शामिल कर लेना चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में कोई राजनीतिक मयार्दा नहीं है। भाजपा झूठे वादे करती है। महंगाई बेरोजगारी से जनता त्रस्त है। हर वर्ग परेशान है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, गरीबों से किए वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा में हताशा है। इसीलिए लालच, लोभ, प्रलोभन देकर दूसरे दलों के विधायकों को तोड़ रही है। राज्य सभा चुनाव में क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जो नियम है, उसके हिसाब से उन पर कार्रवाई होगी। शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि हमारे सामने दो विकल्प थे। एक दल जो देश बांटना और तोड़ना चाहता है और दूसरा दल जो देश को जोड़ना और मजबूत बनाना चाहता है। इसलिए हमने दिल से सदस्यता ली है। हम पीडीए को ताकत देंगे। सपा के राष्ट्रीय सचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी में गुड्डू जमाली और उनके साथियोें का सम्मान रहेगा।

इस अवसर पर आजमगढ़ के विधायक एवं वरिष्ठ नेता डा. बलराम यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राम अचल राजभर आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *