Dainik Athah

भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है: अखिलेश यादव

राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल हुए सपा प्रमुख अखिलेश याादव



अथाह संवाददाता
आगरा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार युवाओं को नौकरी, रोजगार देने में नाकाम रही है। किसानों को उनका हक नहीं मिला। नौजवान और किसान नौकरी, रोजगार और अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रहा है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। किसान, नौजवान से लेकर हर वर्ग दु:खी है और निराश है।
यादव ने रविवार को आगरा में कहा कि उत्तर प्रदेश में हर भर्ती का पेपर लीक हो जाता है। भाजपा सरकार जानबूझ कर पेपर लीक कराती है। जिससे युवाओं को नौकरी न देनी पड़े। भाजपा सरकार सिर्फ कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है। नौजवान निराश है। नौजवान अपनी डिग्रियां जलाकर आत्महत्या करने पर मजबूर है। उन्होंने भाजपा हटाओ, संकट मिटाओ का नारा देते कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान संकट में है। भाजपा सरकार लोकतंत्र खत्म कर रही है। संविधान विरोधी काम कर रही है। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों को जो हक दिया था उसे भाजपा सरकार ने छीना है। आज देश के सामने लोकतंत्र और संविधान बचाने की चुनौती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि भाजपा ने कैसे चंडीगढ़ में वोट लूटने का काम किया। लोकसभा चुनाव में भाजपा हारेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है। मजबूत है। एकजुट इंडिया गठबंधन भाजपा के एनडीए को हराएगा। उन्होंने कहा कि आज किसान और नौजवान भाजपा सरकार के खिलाफ खड़ा है। किसानों और नौजवानों की ताकत से भाजपा सरकार घबराई हुई है। लोकसभा चुनाव में भाजपा हारेगी। केन्द्र में इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों और नौजवानों को उनका हक और सम्मान दिलाएगी।
इंडिया गठबंधन और पीडीए की एकता भाजपा को हराने का काम करेगी। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *