कोर्डिनेटर नियुक्त होने के बाद कांग्रेस के नेता सांसत में
कोर्डिनेटर नियुक्त किये गये अनेक नेता है लोकसभा टिकट के दावेदार
कईयों का टिकट पक्का, लेकिन परेशानी बड़ी
अथाह संवाददाता गाजियाबाद। कांग्रेस ने देश की अधिकांश लोकसभा सीटों पर कोर्डिनेटर नियुक्त कर दिये हैं। लेकिन कोर्डिनेटर नियुक्त किये गये अनेक नेताओं के सामने परेशानी यह है कि वे खुद के चुनाव लड़ने की तैयारी करें अथवा दूसरे जिलों में जाकर पार्टी के निर्देशानुसार काम करें। बता दें कि कांग्रेस के राष्टÑीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को देश की अधिकांश लोकसभा सीटों पर कोर्डिनेटर नियुक्त किये हैं। इन कोर्डिनेटर को संबंधित लोकसभा क्षेत्र में जाकर वहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने के साथ ही लोकसभा प्रत्याशी के लिए कौन बेहतर होगा इसका सुझाव भी पार्टी को देना होगा। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद लोकसभा के लिए कोर्डिनेटर नियुक्त किये गये सचिन चौधरी खुद अमरोहा से टिकट मांग रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि उनका चुनाव लड़ना भी तय है। इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुशांत गोयल को कैराना सीट का कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। जबकि वे खुद गाजियाबाद सीट से लोकसभा टिकट का दावा मजबूती से कर रहे हैं। यहीं स्थिति कांग्रेस प्रवक्ता डॉली शर्मा की है। वे भी गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जन संपर्क कर रही है। इसके साथ ही उनका भी लोकसभा टिकट के लिए मजबूत दावा है। उन्हें गौतमबुद्धनगर का कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। ये तो केवल उदाहरण मात्र है। जिन नेताओं को कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया है उनमें से बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार है। सूत्रों के अनुसार टिकट के दावेदार नेताओं ने इस स्थिति से प्रदेश नेतृत्व को भी अवगत करा दिया है। अब देखना यह है कि कांग्रेस नेतृत्व उनकी कितनी सुनता है।