Dainik Athah

प्रदेश और देश की जनता परिवर्तन चाहती है: अखिलेश यादव

सपा अधिवक्ता सभा की बैठक का आयोजन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को यहां समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में खचाखच भरे डा. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी अधिवक्ता सभा की बैठक को सम्बोधित किया। बैठक में उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों के अधिवक्ता सम्मिलित हुए।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता परिवर्तन चाहती है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से हर वर्ग परेशान है। 2024 के लोकसभा चुनाव में बदलाव होना तय है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज जागरूक और प्रभावशाली है। वह समाज और आम जनता की समस्याओं को समझता है। अधिवक्ता समाज समाजवादी पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और अपने एजेण्डे को आम जनता तक पहुंचाने में कामयाब हो गया तो परिवर्तन तय है। उन्होेंने कहा है कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से देश में एक लाख से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। सीमा पर लगातार जवान शहीद हो रहे हैं। भाजपा सरकार में न सीमाएं सुरक्षित है और न किसान और जवान सुरक्षित है। भाजपा की नोटबंदी की नीति पूरी तरह विफल रही। नोटबंदी से न आतंकवाद कम हुआ और न भ्रष्टाचार और महंगाई कम हुई। बड़ी संख्या में लोग बैंकों का पैसा लेकर विदेश भाग गए। देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। नौजवान बेरोजगार है। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं सभी को धोखा दिया है।

यादव ने कहा कि भाजपा प्रधानों के बजट का पैसा काट कर विकसित भारत का झूठा सपना दिखा रही है। सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार को जब भी मौका मिला प्रदेश का विकास किया। अधिवक्ताओं के लिए काम किया। सपा सरकार ने अधिवक्ताओं के चेम्बरों की व्यवस्था की। अधिवक्ताओं के हित में कई फैसले लिए। लखनऊ की नयी हाईकोर्ट बिल्डिंग समाजवादी सरकार में बनी। हाईकोर्ट की भव्य बिल्डिंग की तारीफ सभी ने की। हाईकोर्ट बिल्डिंग के उद्घाटन के लिए आये तत्कालीन चीफ जस्टिस ने भी तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी बिल्डिंग और बैठने की जगह तो दिल्ली में भी नहीं है। लेकिन आज भाजपा सरकार उसका मेंटीनेंस तक नहीं कर पा रही है।
यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में एक्सप्रेस-वे बनाया। प्रदेश के एक कोने को दूसरे कोने से जोड़ने का काम किया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समाजवादियों की देन है। समाजवादी सरकार में गोमती नदी की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए गोमती रिवरफ्रंट बनाया गया। समाजवादी सरकार ने काम करके दिखाया कि नदियों के साफ रखने का यही तरीका है। अभी तक हम सब जानते थे कि रिवरफ्रंट नदियों पर बनता है लेकिन भाजपा सरकार नाले पर रिवरफ्रंट बना रही है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। लड़़ाई बाबा साहब के संविधान और बुल्डोजर के बीच है। एक तरफ संविधान बचाने वाले हैं दूसरी तरफ बुल्डोजर से कानून और संविधान को रौदने वाले है। समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी ने नारा दिया है 80 हराओ, भाजपा हटाओं। भाजपा हटेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता सभा ने अखिलेश यादव को 12 सूत्री एजेंडा सौंपा। इसमें चुनाव प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की भूमिका तय करने, विधिक सलाहकार समिति बनाने, आरक्षण का लाभ जूडीशियल सेवा में देने, राष्ट्रीय न्यायिक सेवा आयोग के गठन, वक्फ संपत्तियों के सर्वेक्षण तथा अल्पसंख्यकों को सुरक्षा आदि देने का जिक्र है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *