Dainik Athah

विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान भोजपुर ब्लाक के शकूरपुर गांव में हुआ फूहड़ नृत्य, प्रशासन के साथ ही भाजपा में हड़कंप

  • बीडीओ भोजपुर ने थाने में अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर
  • जांच के आदेश भी दिये गये, दो दिन में मांगी रिपोर्ट

अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान भोजपुर ब्लाक के शकूरपुर गांव में नृत्यांगनाओं द्वारा फूहड़ नृत्य करने का मामला प्रकाश में आने के बाद प्रशासन से लेकर भारतीय जनता पार्टी में हड़कंप है। इस मामले में खंड विकास अधिकारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भोजपुर थाने में तहरीर दी गई है।

बता दें कि शनिवार को शकूरपुर गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में सांसद डा. सत्यपाल सिंह, विधायक डा. मंजू शिवाच, ब्लाक प्रमुख सुचेता सिंह समेत भाजपा के नेता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इसी कार्यक्रम में नृत्यांगनाओं द्वारा फूहड़ता के साथ नृत्य किया गया। इसकी वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन के साथ ही प्रदेश स्तर तक हड़कंप मच गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए भोजपुर ब्लाक के बीडीओ पीयूष राय ने सहायक विकास अधिकारी विपिन कुमार एवं जेएन राय को पत्र लिखकर कहा कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद खाली मंच का कतिपय लोगों ने दुरुपयोग कर एवं नृत्य कराकर शासन- प्रशासन की छवि को धूमिल कराने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि दो दिन में पूरे प्रकरण की जांच कर एवं उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए अपनी रिपोर्ट दें।

इतना ही नहीं बीडीओ पीयूष राय ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भोजपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के समापन के बाद जब सभी अतिथि जिनमें सांसद एवं विधायक भी थे के जाने के बाद अज्ञात लोगों ने खाली मंच का दुरुपयोग कर नृत्य करवाया गया। यह ब्लाक के अधिकारियों के साथ ही जन प्रतिनिधियों की छवि खराब करने का प्रयास है। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

प्रधान और प्रधान पति को बचाने के प्रयास
सूत्रों के अनुसार इस नृत्य पार्टी को प्रधान प्रति ने बुलाया था। लेकिन ब्लाक के अधिकारी प्रधान और प्रधान पति को बचाने के प्रयास में लगे हैं। पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद वे अज्ञात लोगों द्वारा कार्यक्रम आयोजन बता रहे हैं।

भाजपा ने लिया संज्ञान, पदाधिकारियों के पास लखनऊ से पहुंचे फोन
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान फूहड़ नाच का भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने भी संज्ञान लिया है। इस मामले में भाजपा के जिले के पदाधिकारियों को फोन कर जानकारी मांगी गई और नाराजगी व्यक्त की गई। इतना ही नहीं भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने भी पूरी घटना को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *