Dainik Athah

आधी आबादी को सपा समाज की मुख्य धारा में शामिल करने की पक्षधर: अखिलेश यादव


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी आधी आबादी को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने की पक्षधर है। समाजवादी पार्टी और सरकार में महिलाओं का सम्मान और अवसर सुरक्षित है। भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। नारियों को अपना सम्मान बचाना है तो भाजपा को सत्ता से हटाना होगा। लोकतंत्र और संविधान बचाने की भी निर्णायक लड़ाई 2024 में होगी।
अखिलेश यादव गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में सपा महिला सभा के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। समाजवादी महिला सभा के सम्मेलन में सांसद डिम्पल यादव भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी महिला संगठन लोकसभा चुनाव में पूरी मजबूती से हर बूथ स्तर पर समाजवादी पार्टी को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पीडीए इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा एनडीए को हरायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित उत्तर प्रदेश में है। हर दिन महिलाओं के साथ बड़े पैमाने पर अन्याय और उत्पीड़न की खबरे सामने आती है। कानून व्यवस्था इस हद तक खराब है कि बच्चियों को स्कूल जाने से भी डर लगता है। भाजपा सरकार की यही बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में मणिपुर में महिलाओं के साथ बड़ी जघन्य घटनाएं हुई। अत्याचार हुआ लेकिन महिलाओं को न्याय नहीं मिला। भाजपा से किसी को भी न्याय की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। भाजपा की डबल इंजन सरकार में महिलाओं की अस्मत को रौंदा जा रहा है।
सम्मेलन में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रिबू श्रीवास्तव समेत अनेक महिला नेता उपस्थित रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *