Dainik Athah

भाजपा ने सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का दुष्प्रचार जारी है। चारों तरफ लूट मची हुई है। भाजपा ने सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया है, ऐसा तो किसी सरकार में नहीं हुआ। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। लोकतंत्र पर हमला जारी है। सपा लोकतंत्र और संविधान को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए संकल्पित है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा सावधानी और पूरी सतर्कता से पीडीए इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।

अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में डा. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जनपदों से आये प्रमुख पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के झूठे वादों और काले कारनामों की सच्चाई से अवगत कराने में कोई कसर नहीं छोडेंगे। भाजपा के झूठ की जानकारी हर बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता देंगे। कार्यकर्ता अनुशासित रहकर हर बूथ पर मुस्तैदी से भाजपा को हराने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने देश को कमजोर कर दिया है। अर्थव्यवस्था चौपट है। जनता का हर वर्ग असंतुष्ट है। विपक्षी कार्यकतार्ओं विशेषकर समाजवादी पार्टी के निर्दोष कार्यकतार्ओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनका हर तरह से उत्पीड़न किया जा रहा है। गरीबों के साथ अन्याय करके उन्हें सताया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के सब वादे हवा हवाई है। किसानों की हालत खराब है। भाजपा सरकार में घर-घर बेरोजगार बैठे हैं। सात हजार शिक्षामित्र जान गवां चुके हैं। इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, कुंवर देवेन्द्र सिंह पूर्व सांसद, कैलाश यादव पूर्व सांसद, मानपाल सिंह वर्मा पूर्व मंत्री, रणजीत सुमन पूर्व विधायक, नादिरा सुल्तान विधायक, आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *