Dainik Athah

भाजपा केंद्र से हटेगी तभी ईवीएम हटेगी और जनता खुशहाल होगी: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार और यूपी में दो बार की सरकार के तमाम झूठे दावों की सच्चाई यह है कि आज भी आदिवासियों, गरीबों और किसानों की हालत ज्यों की त्यों है, उनकी आर्थिक, सामाजिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से सभी त्रस्त हैं। जनता को सामान्य जनसुविधायें बिजली, पानी, सड़क, रोटी, कपड़ा, दवा और पढ़ाई भी भाजपा सरकार में नहीं मिल पा रही है। चारो तरफ लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भाजपाई झूठे और निम्नस्तरीय सोच वाले है। इसलिए इनसे सावधान रहना है। हमारा पहला लक्ष्य भाजपा को केन्द्र की सरकार से हटाना है। तभी ईवीएम हटेगी और जनता को खुशहाली मिलेगी। उन्होंने कहा कि ईवीएम का आविष्कार जापान ने किया था लेकिन जापान में बैलट से चुनाव होता है।
यादव सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बड़ी संख्या में आए कार्यकतार्ओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे ज्यादा जातिवादी पार्टी है। नाम बदलना ही भाजपा अपनी उपलब्धि मानती है। अपने दो कार्यकाल में भाजपा ने सपा के कामों को ही अपना बताकर अपनी वाहवाही करवा रही है। अब जनता भाजपा सरकार की धोखेबाजी को समझ गयी है। सपा पीडीए इंडिया गठबंधन के बूते भाजपा को केन्द्र की सत्ता से हटायेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना होना आवश्यक है। जनगणना से विकास योजनाओं में समानुपातिक भागीदारी होगी जिससे उनका लाभ सभी को मिल सकेगा। डा. भीमराव अम्बेडकर और मंडल कमीशन ने पिछड़ों, दलितों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। समाजवादी सरकार बनने पर जातीय जनगणना से सभी को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है। भाजपा सरकार की नीतियां आरक्षण विरोधी है। भाजपा सरकार आरक्षण को समाप्त करने के लिए आउटसोर्सिंग से भर्ती कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान होना चाहिए। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ स्तर पर सतर्क रहे। इंडिया गठबंधन में पीडीए लोकसभा चुनाव 2024 में निर्णायक भूमिका निभाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *