Dainik Athah

अयोध्या का राम मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर है : गोविंद देव गिरि

  • रामजन्मभूमि अयोध्या पास्ट टू प्रेजेन्ट का विमोचन
  • मंदिर केंद्रित अर्थव्यवस्था से बेहतर कोई अर्थव्यवस्था नहीं हो सकती: जितेंद्रानंद सरस्वती

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली
। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि जी महाराज ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर है। इस मंदिर को बनाने का संघर्ष देश के सारे सनातनियों की आस्था का संघर्ष था। वे रविवार को यहां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में जाने माने इतिहासकार डा. अमित राय जैन लिखित पुस्तक ‘रामजन्मभूमि अयोध्या पास्ट टू प्रेजेन्ट’ के विमोचन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश का आम मुसलमान राम मंदिर के विरोध में कभी नहीं था। लेकिन तुष्टीकरण के वशीभूत नेताओं ने एक वर्ग विशेष को भड़का कर तिल का ताड़ बना दिया। हमारा सौभाग्य है कि हम बदलते हुए इतिहास के साक्षी हैं। उन्होंने कहा कि राम जी के जीवन का अनुकरण कीजिए, जीवन स्वर्गमय हो जाएगा। गोविंद देव गिरि ने कहा कि अयोध्या को लेकर कई किताबें लिखी गई हैं लेकिन अमित राय जैन लिखित पुस्तक लीक से हटकर है। राजा राम भारत के जन – जन के हृदय में विराजमान हैं।

इस अवसर पर अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक प्रख्यात जैन मुनि डॉ लोकेश मुनि ने कहा कि राम तो हमारे रोम – रोम में विराजमान हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर तो 1992 में बन गया होता यदि कुछ लोगों ने अड़ंगा न लगाया होता।

अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री जितेन्द्रानंद सरस्वती ने कहा कि कतिपय नेताओं ने अयोध्या का राजनीतिकरण करके वहां के लोगों का जीवन नारकीय बना दिया था। अब समय बदला है। आज का अयोध्या देखने लायक है। उन्होंने कहा कि मंदिर केंद्रित अर्थव्यवस्था से बेहतर कोई अर्थव्यवस्था नहीं हो सकती। यही वजह है कि मुगलों ने खोज – खोजकर मंदिरों को ध्वस्त किया। राम राष्ट्र पुरुष हैं। इसलिए अयोध्या हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई सबकी है। पिछले साल गोवा से तीन गुना अधिक पर्यटकों ने काशी का दर्शन किया।

विश्व हिन्दू परिषद् के केन्द्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर बनाने का रास्ता प्रशस्त किया और अब भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। 22 जनवरी को विश्व के पांच लाख से ज्यादा मंदिरों में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया जाएगा। विहिप और संघ के लोग जल्दी ही देशवासियों को घर- घर निमंत्रण देने जाएंगे। अब सफलता का समय है। देश के उत्कर्ष का दिन है।

पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार बलवीर पुंज ने कहा कि दुनिया के लिए नासूर बने पाकिस्तान का निर्माण कांग्रेस की मिलीभगत से किया गया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा नेहरू के कारण राम मंदिर पहले नहीं बन सका था।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक डॉ अमित राय जैन ने किताब के बारे में संक्षेप में बताया। धन्यवाद ज्ञापन किताब वाले प्रकाशन के प्रबंध निदेशक प्रशांत जैन ने किया। भातखंडे संगीत विद्यालय के छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियों से आगंतुक अतिथियों को भावविभोर कर दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *