Dainik Athah

मध्य प्रदेश में सस्पेंस खत्म: मोहन यादव के हाथों में मध्य प्रदेश की पतवार

दो उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला जगदीश देवड़ा होंगे, नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे

अथाह ब्यूरो
भोपाल
। मध्य प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम का पर चल रही उहापोह आठ दिन बाद खत्म हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में मोहन यादव के नाम की घोषणा कर दी है। विधायक दल की बैठक में उनके नाम की घोषणा की गई। वह लगातर तीन बार से विधायक का चुनाव जीतते आ रहे हैं। मोहन यादव के विधायक दल का नेता चुनने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र दे दिया है।
उज्जैन दक्षिण सीट से मोहन यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार चेतन प्रेमनारायण यादव को 12941 वोटों से हराया था। मोहन यादव को जहां 95699 वोट मिले थे तो वहीं चेतन प्रेमनारायण यादव को 82758 वोट मिले थे। मालूम हो कि मोहन यादव आरएसएस के बेहद करीबी नेताओं में से एक माने जाते हैं। वह साल 2013 में पहली बार विधायक बने थे। यादव शिवराज सिंह सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। इसके साथ ही राजेंद्र शुक्ला एवं जगदीश देवड़ा के उप मुख्यमंत्री पद पर भी मुहर लगा दी गई। इसकी घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश भाजपा के पर्यवेक्षक मनोहर लाल खट्टर ने की। इस मौके पर भाजपा के राष्टÑीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी उपस्थित थे।
मोहन यादव ने अपना राजनीतिक करियर साल 1984 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल होकर किया। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य भी रहे। 2004 से 2010 तक उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे हैं। 2011 से 2013 तक एमपी राज्य पर्यटन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे। फिर 2013 से 2018 तक विधायक रहे और दूसरी बार निर्वाचित होने पर 2019 के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री रहे।
उन्होंने 2013 में उज्जैन दक्षिण से चुनाव लड़ा था और लगातार तीसरे चुनाव में यहां से विधायक निर्वाचित हुए हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी चेतन प्रेमनारायण यादव को 12941 वोटों से हराया है। मोहन यादव को 95699 वोट मिले हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *