Dainik Athah

नेताजी न कभी सैफई को भूले और न अपने लोगों को भूले: अखिलेश यादव

  • सैफई में 8.3 एकड़ में बनेगा नेताजी मुलायम सिंह यादव का स्मारक
  • सपा प्रमुख ने किया स्मारक का भूमि पूजन

अथाह संवाददाता
सैफई।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती पर मुख्य कार्यक्रम बुधवार को सैफई में हुआ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेताजी की जन्म भूमि सैफई में नेताजी की याद में भव्य स्मारक बनाने के लिए भूमि पूजन किया। यह स्मारक 8.3 एकड़ भूमि पर नेताजी की समाधिस्थल पर तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज के दिन हम सभी लोग नेताजी को याद कर रहे हैं। आज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का धन्यवाद और आभार। उन्होंने कहा कि नेताजी न कभी सैफई को भूले और न अपने लोगों को भूले। नेताजी ने जीवन भर धरती पर संघर्ष किया। धरती पर चोट खाकर धरती पुत्र बने। नेताजी ने संघर्ष के तमाम साथियों को हमेशा याद रखा और उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि तमाम लोगों से विचार विमर्श और दुनिया भर के समाज सुधारकों के स्मारकों के बारे में जानने के बाद तय किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के स्मारक की तर्ज पर सैफई में नेताजी की याद में भव्य स्मारक बनाया जाएगा। नेताजी जिस मिट्टी में पैदा हुए, पले-बढ़े और ऊंचाईयों तक पहुंचे उसी मिट्टी पर नेताजी का ऐतिहासिक स्मारक बन रहा है। उन्होंने कहा कि नेताजी का स्मारक बनने के बाद यह स्थान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्थान बनेगा। यह प्रकाश स्तम्भ की तरह काम करेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने अपने जीवन में ऐसे-ऐसे फैसले लिए जिसने देश की राजनीति को मोड़ने का काम किया है। हर समाजवादी के पास नेताजी की कुछ न कुछ यादें हैं, उनका नेताजी का साथ रहा है। नेताजी ने हम सभी लोगों को जो राजनीतिक, सामाजिक रास्ता दिखाया है उसी रास्ते पर चल कर समाजवादी पार्टी को ऊंचाईयों पर पहुंचाएं। यहीं नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि देश के सामने जब भी संकट आया। नेताजी और समाजवादियों ने आगे बढ़कर देश को बचाने का काम किया है। समाजवादी लोग नेताजी से प्रेरणा लेकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि आज समाजवादियों के लिए बहुत बड़ा दिन है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुभमुहूर्त में नेताजी की याद में मेमोरियल का शिलान्यास किया। यह विश्वविख्यात और प्रेरणादायक होगा। यह स्मारक अनन्त काल तक अन्याय के खिलाफ लड़ने वालों और लाखों समाजवादियों को प्रेरणा देने का काम करेगा। नेताजी जो काम शुरू किया था उसे आगे बढ़ाना है। किसानों, गरीबों, पिछड़ों, दलितों और महिलाओं को उनको हक और सम्मान दिलाना है।

राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादियों ने गरीबो, किसानों नौजवानों और अन्य सभी वर्गों के लिए लड़ाई लड़ी है। नेताजी ने संघर्ष के बल पर राजनीतिक ऊंचाईयों को हासिल किया। नेताजी जब-जब सŸाा में आए बहुत काम किया। दवाई, पढ़ाई, सिंचाई मुफ्त किया। गरीबों के लिए कल्याणकारी, जनहितकारी योजनाएं चलाई। श्री अखिलेश यादव नेताजी का सपना पूरा करेंगे। श्री अखिलेश यादव ने सरकार के दौरान नेताजी के तर्ज पर काम किया है। बिजली, सड़क, शिक्षा, गरीबों के लिए काम किया है।

इस मौके पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव, किरनमय नंदा, रामजी लाल सुमन, नरेश उत्तम पटेल, रामअचल राजभर, माता प्रसाद पाण्डेय, अवधेश प्रसाद, रामगोविन्द चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, राजेन्द्र चौधरी, अभयराम, धर्मेन्द्र यादव, तेज प्रताप यादव, अक्षय यादव, नारद राय, पवन पाण्डेय, अभिषेक मिश्रा, जूही सिंह, आशु मलिक, जासमीर अंसारी, मुकुल यादव, अनुराग यादव, डा. राजपाल कश्यप, उमर अली, सोबरन सिंह यादव, अंशुल यादव एवं अशोक यादव आदि प्रमुख नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की और नेताजी को याद किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *