Dainik Athah

भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम पर है: अखिलेश यादव

पीडीए को मजबूत करने के लिए समाजवादी सामाजिक न्याय यात्रा को दिखाई हरी झंडी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ से पीडीए को मजबूत करने के लिए समाजवादी सामाजिक न्याय यात्रा को झंडा दिखाकर रवाना किया।
पीडीए समाजवादी सामाजिक न्याय यात्रा सीतापुर, लखीमपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं, सम्भल, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से जन सम्पर्क करते हुए बिजनौर में इसका समापन होगा। इस यात्रा का नेतृत्व नूरपुर (बिजनौर) विधानसभा के विधायक रामअवतार सिंह सैनी कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित, आदिवासी एवं अल्पसंख्यकों को अभी तक हक और सम्मान नहीं मिला है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम पर है। भाजपा की नीतियां पीडीए विरोधी है। इन्हीं सवालों को लेकर पीडीए समाजवादी सामाजिक न्याय यात्रा जनता को जागरूक करने का काम करेगी।
यादव ने कहा कि बेरोजगार, नौजवानों को नौकरी नहीं, मिल रही। पुरानी पेंशन बहाल हो और शिक्षा को जिस तरह से प्राइवेट हाथों में दिया जा रहा है, ऐसे में यह सम्भव ही नहीं कि गरीब पढ़ पाएं। प्राइमरी, सेकेण्डरी, हायर सेकेण्डरी, इंटर, मेडिकल कॉलेजों में कैसे गरीब पढ़ पाएगा? शिक्षा में जिस तरह का व्यापार चल रहा है, उसे रोका जाए। इन तमाम सवालों को लेकर यह यात्रा निकल रही है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र विरोधी ताकतें सक्रिय हैं। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के समतामूलक सिद्धांत और समाजवादी डा. राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों और विचारधारा के साथ नेताजी मुलायम सिंह यादव के संघर्ष और समाजवादी उपलब्धियों को लेकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़कर उनका हक और सम्मान दिलाना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ पूंजीपतियों ने देश की सम्पत्ति पर कब्जा कर रखा है। 5 प्रतिशत उद्योगघरानों ने देश की 60प्रतिशत सम्पत्ति पर कब्जा जमा लिया है। आर्थिक और सामाजिक विषमता की सच्चाई से सभी को अवगत कराना है। जिससे यह बढ़ी हुई सामाजिक और आर्थिक असमानता को कम किया जा सके। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद यशवीर सिंह सहित शम्भू कुशवाहा, दिनेश सैनी, दर्शन पाल सैनी आदि की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *