Dainik Athah

हर एक व्यक्ति की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी और कर्त्तव्य है: जनरल डा. वीके सिंह

उत्तराखंड पहुंचे केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने की बचाव अभियान की समीक्षा

उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित सिल्क्यारा में 5 दिन से सुरंग में फंसे है 40 मजदूर

वीके सिंह ने सेना और अन्य अधिकारियों से बात कर की अभियान की समीक्षा



अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 40 मजदूरों के बचाव अभियान के बीच ही गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डा. वीके सिंह गुरुवार को उत्तराखंड पहुंच गये। उन्होंने सुरंग में घुसकर न केवल स्थिति का निरीक्षण किया, बल्कि बचाव अभियान में जुटे सेना एवं अन्य एजेंसियों से बात की। उन्होंने कहा हर एक व्यक्ति की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, हमारा कर्त्तव्य है।
बता दें कि उत्तराखंड में पिछले पांच दिनों से 40 मजदूर सुरंग में फंसे है। उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं। मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में सेना के जवान भी जुटे हैं। इसी बीच गुरुवार को गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डा. वीके सिंह उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सुरंग हादसे का निरीक्षण करने लिए सिल्क्यारा सुरंग पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद जनरल डा. वीके सिंह ने उत्तरकाशी सुरंग दुर्घटनास्थल पर बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं भी बचाव अभियान में रेस्क्यू टीम का सहयोग किया।


उत्तरकाशी सुरंग दुर्घटनास्थल पर केंद्रीय मंत्री जनरल डा. वीके सिंह भूस्खलन के बाद सुरंग के अंदर फंसे 40 श्रमिकों की जान बचाने के लिए चल रहे बचाव अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा काम चल रहा है, आवश्यक सामग्री भेजी जा रही है, हम अपने लोगों को बचाने में पूर्ण प्रतिबद्ध होकर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा हर सम्भव प्रयास जारी है। वीके सिंह ने संबोधित सेना के अधिकारियों और सम्बंधित अधिकारियों से वार्ता की और जल्द से जल्द लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए निर्देशित किया।
केंद्रीय मंत्री और गाजियाबाद से सांसद जनरल वीके सिंह ने कहा कि हर एक व्यक्ति की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, हमारा कर्तव्य है, वह हर एक प्रयास किया जाना है जिससे कभी मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा सके। यहां पर जनरल वीके सिंह सुरंग के अंदर तक गये और बचाव अभियान की पूरी समीक्षा की। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर जनरल वीके सिंह उत्तरकाशी पहुंचे है। वे अपने पूर्व के सभी कार्यक्रम निरस्त कर उत्तरकाशी पहुंचे तथा कहा कि लोगों की जान बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *