Dainik Athah

पांचों राज्यों में भाजपा के पक्ष में आयेंगे परिणाम: राजनाथ सिंह

  • गाजियाबाद पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्व. उर्मिला त्रिपाठी को अर्पित की श्रद्धांजलि
  • बिहार में नीतीश कुमार के बयान पर कहा भाजपा अपना दृष्टिकोण स्पष्ट कर चुकी है
  • राजनाथ सिंह के आगमन पर उमड़ी भाजपाइयों की भीड़

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
देश के रक्षा मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्टÑीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में आयेंगे। वे बुधवार को अपने सहयोगी (ओएसडी) प्रभात त्रिपाठी की माताजी उर्मिला त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त करने आये थे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को शाम इंदिरापुरम के शक्ति खंड चार स्थित प्रभात त्रिपाठी के निवास पर पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने स्व. उर्मिला त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही परिवार को दुख की इस घड़ी में सांत्वना प्रदान की। बता दें कि उर्मिला त्रिपाठी का तीन दिन पहले 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में पहुंचे पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के पथ पर अग्रसर है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि पांचों राज्यों में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करने जा रही है तथा परिणाम भाजपा के पक्ष में आयेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के संबंध में की गई अमर्यादित टिप्पणी और भाजपा के स्टेंड के विषय में पूछे जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस मामले में भाजपा अपना दृष्टिकोण स्पष्ट कर चुकी है।

इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी जुटे। गाजियाबाद के सांसद रह चुके राजनाथ सिंह ने एक एक कर सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से कुशलक्षेम पूछी। इस मौके पर मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, वरिष्ठ नेता बलदेव राज शर्मा, विजय मोहन, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डीडी यादव, क्षेत्रीय पार्षद धीरज अग्रवाल, संजय सिंह, महापौर सुनीता दयाल, पूर्व महापौर आशा शर्मा, महेंद्र चौधरी, श्याम शर्मा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, डीसीपी शुभम पटेल, एसीपी स्वतंत्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *