Dainik Athah

भाजपा जिलाध्यक्ष बदलने के बाद क्या गुल खिलायेगी पुराने पदाधिकारियों की बगावत

  • संगठन की बैठकों से अधिकांश पदाधिकारी बना रहे हैं दूरी
  • लोनी के नेता बगावत में सबसे आगे, मोदीनगर वाले बनें पिछल्लग्गू

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के पुराने नेता और पदाधिकारी लगता बगावती तेवर अपनाने लगे हैं। स्थिति यह हो गई कि बैठकों तक में पार्टी के पदाधिकारी नहीं जा रहे हैं। इस मामले में जहां लोनी वाले बगावत में आगे हैं, वहीं मोदीनगर के पदाधिकारी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के साथ कदमताल कर रहे हैं।]

भारतीय जनता पार्टी ने पिछले दिनों प्रदेश के अधिकांश जिलाध्यक्ष बदल दिये थे। यदि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो केवल तीन अध्यक्ष की दोबारा से अध्यक्ष बन पाये। इस बदलाव की भेंट जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल भी चढ़ गये। उन्हें हटाकर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान को पार्टी ने जिलाध्यक्ष बना दिया। सतपाल प्रधान की पत्नी को नगर पालिका चुनाव में लोनी चेयरमैन का टिकट मिला था, लेकिन वे रालोद प्रत्याशी ने हराया था। सूत्रों के अनुसार जिस दिन से पार्टी ने जिलाध्यक्ष बदला उसी दिन से पार्टी के नेताओं ने बागी रूख अख्तियार करना शुरू कर दिया। पार्टी के महामंत्रियों को ही लें तो मात्र एक महामंत्री गुरुवार को जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में शामिल हुए।

भाजपा सूत्रों की मानें तो बैठक के लिए संगठन ने क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर को भेजा था। उन्होंने भी महामंत्रियों समेत अन्य नेताओं को फोन कर बैठक में आने के लिए कहा, लेकिन अधिकांश ने बहाना बनाकर बैठक से किनारा कर लिया। अब स्थिति में जिलाध्यक्ष को चिंता हो रही है कि पार्टी के आयाम कैसे पूरे होंगे। इतना ही नहीं जो पदाधिकारी अब तक निष्क्रिय रहे थे वे अवश्य अपनी उपस्थिति को बढ़ा रहे हैं। बताया जाता है कि ये भी केवल अपने पद बचाने की मुहिम में है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पूरे जिले में केवल मोदीनगर क्षेत्र के ही जिले के पदाधिकारी सक्रिय नजर आते हैं। उसका कारण भी यह बताया जाता है कि कुछ अपने पदों को बचाने की जद्दोजहद में है तो कुछ की नजर जिला महामंत्री पद पर लगी है। पार्टी के लोग इस स्थिति को लेकर चिंतित है। सूत्र बताते हैं कि सतपाल प्रधान को लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर का आशीर्वाद प्राप्त है, लेकिन पर्दे के पीछे भाजपा के प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी का भी आशीर्वाद है। इस स्थिति में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता पशोपेश में है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *