Dainik Athah

भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया

  • बरसात में जलभराव को लेकर बरसे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा दिया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आए बजट में जमकर लूट और भ्रष्टाचार हुआ है। जिसका नतीजा सबके सामने है। राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में हुई बरसात से प्रदेश के कई शहरों के हालात खराब हैं। बारिश से भाजपा की स्मार्ट सिटी बह गई। लखनऊ के पुराने इलाके हों या नए। हर जगह भारी जल भराव की स्थिति है। कई कालोनियों में पानी भर गया। नाले सड़क के ऊपर बहते दिखाई दिए। लखनऊ में हजारों घरों और दुकानों में पानी घुस गया। भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। वर्षो से नगर निगम पर काबिज भाजपा ने राजधानी लखनऊ की सीवर और सफाई व्यवस्था के लिए कोई काम नहीं किया। भाजपा सरकार ने जनता को सपने दिखाने और गुमराह करने के सिवा कुछ काम नहीं किया। लखनऊ के पुराने इलाकों के साथ-साथ आलमबाग, इन्दिरानगर, गोमतीनगर, गोमती नगर विस्तार के कई क्षेत्रों में और सड़कों पर पानी भरने से लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जल भराव से भयावाह स्थिति है सड़के धंस गई है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश की जनता जानना चाहती हैं कि भाजपा और उसकी ट्रिपल इंजन सरकार ने लखनऊ समेत अन्य नगरों के लिए क्या किया। स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ रूपए के बजट का क्या हुआ।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैलानें के अलावा कोई काम नहीं करती है। भाजपा सरकार ने सात सालों में प्रदेश के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। भाजपा ने समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यो को भी रोक दिया है। जिसके कारण राजधानी सहित अन्य शहरों के लोगों का जीवन अस्त व्यस्त है। आज बारिश से लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, झांसी, बहराइच, संभल समेत अन्य जिलों की जो स्थिति है उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। भाजपा सरकार के विकास और सुशासन के सारे दावे हवाई है। भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में कुशासन और अराजकता की प्रतीक बन गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *