Dainik Athah

जेपी नड्डा गाजियाबाद से करेेंगे देशव्यापी ‘मेरी माटी- मेरा देश’ अभियान का प्रारंभ: सत्येंद्र सिसौदिया

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को गाजियाबाद में
  • गाजियाबाद में पौधा रोपण करने के साथ ही घरों से मिट्टी भी करेंगे एकत्र
  • नड्डा भाजपा कार्यर्ताओं को भी करेंगे संबोधित

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को गाजियाबाद से भाजपा के देशव्यापी ‘मेरी माटी- मेरा देश’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे घरों से मिट्टी एकत्र करेंगे। यह जानकारी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने दी।
भाजपा के महानगर कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में मेरी माटी- मेरा देश अभियान तीन सितंबर से शुरू कर रही है। इस अभियान का श्रीगणेश राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से करेंगे यह उत्तर प्रदेश और गाजियाबाद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि सुबह सवा नौ बजे नड्डा ट्रांस हिंडन क्षेत्र के राजेंद्रनगर में स्थित विनय वाटिका में पौधा रोपण कर करेंगे। इसके बाद वे शहीद मेजर मोहित शर्मा के साथ ही अन्य घरों पर जायेंगे। जहां से वे कलश में मिट्टी एकत्र करेंगे। इसके बाद मोहननगर स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

सत्येंद्र सिसौदिया ने कहा कि मेरी माटी- मेरा देश अभियान मंडल स्तर पर चलाया जायेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता हर घर से मिट्टी एकत्र करेंगे। गांवों के साथ ही हर बूथ के घरों में पार्टी कार्यकर्ता जायेंगे। इसके साथ ही अमृत वाटिकाओं का निर्माण भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एनसीआर के कुछ जिलों से एकत्र की गई मिट्टी को कलश में भरकर नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय भेजा जायेगा, जबकि अन्य जिलों की मिट्टी को प्रदेश कार्यालय भेजा जायेगा। इस कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हम सुबह उठते ही जमीन पर पैर रखने से पहले मिट्टी को अपने माथे से लगाते हैं। यह अभियान अपने घर, मौहल्ले एवं शहर के साथ ही देश की मिट्टी को सम्मान देने वाला कार्यक्रम है।

भाजपा के जिलाध्यक्षों की घोषणा जल्द होगी: सिसौदिया
एक सवाल के जवाब में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बताया कि जिला व महानगर अध्यक्षों की घोषणा बहुत जल्द की जायेगी। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होेंने कहा कि संगठन का कार्य निरंतर चलने वाला कार्य है। किसी भी बदलाव का इसके ऊपर कोई असर नहीं पड़ने वाला। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, मुरादनगर ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी, नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, भाजपा के मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, प्रदीप चौधरी, नीरज गोयल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *