Dainik Athah

राम मंदिर सबका है, अयोध्या सबकी है: अखिलेश यादव

भाजपा उप्र में बुनियादी मुद्दों से भागती है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में कोई भी बड़ा काम नहीं किया है। जिसको लेकर जनता से वोट मांग सके। वह बुनियादी मुद्दों से भागती है। आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, बड़े मुद्दे हैं।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को दिल्ली में एक न्यूज चैनल से साक्षात्कार में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन एकजुट है। समय आने पर सीटों के बंटवारे पर गठबंधन आपस में बैठकर फैसला कर लेगा। लोकसभा चुनाव में मुकाबला एक बहुत बुरी पार्टी से है। गठबंधन जनता के मुद्दों और विकास के लक्ष्य के साथ एकजुटता से भाजपा का मुकाबला करेगा और उसे हराएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किये है। इस सरकार ने आम जनता को सिर्फ समस्यायें और दुश्वारियां ही दी है। उत्तर प्रदेश में बिजली का एक भी कारखाना नहीं लगाया। प्रदेश में बिजली संकट है। आज प्रदेश को जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी सरकार के दौरान बनाये गये पावर प्लांटों से मिल रही है। भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई, बेरोजगारी कम नहीं हुई। महंगाई का विरोध करने पर यह सरकार दुकानदारों को जेल भेज देती है। प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र में टमाटर की महंगाई पर आवाज उठाने वाले दुकानदार और उसके बेटे को इस सरकार ने जेल भेज दिया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म कर रही है। इस सरकार ने किसानों के लिए एक भी मंडी नहीं बनाई। इंवेस्टमेंट के नाम पर केवल इवेन्ट हुआ है। सरकार कह रही है कि 33 लाख करोड़ का एमओयू हुआ है। बड़े-बड़े सपने दिखा रही है लेकिन कोई भी निवेश जमीन पर नहीं उतरा है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार हैं। आखिरकार भाजपा जनता को कब तक गुमराह करेगी।
अयोध्या में राम मन्दिर के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि मन्दिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बन रहा है। मन्दिर सबका है। अयोध्या सबकी है केवल भाजपा की नहीं। हम लोग भी पूजा करते है लेकिन उसका दिखावा नहीं करते हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *