Dainik Athah

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करने का दायित्व सपा निभायेगी: अखिलेश यादव

  • सपा अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय- राज्य कार्यकारिणी की बैठक
  • अखिलेश ने कहा भाजपा कायरों की जमात

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा को सत्ता से बाहर करके ही समाजवादी पार्टी दम लेगी। इस बार भाजपा की कोई साजिश कामयाब नहीं होगी। 2022 में साजिश करके भाजपा ने समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने दी थी। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सफाया करने का दायित्व समाजवादी पार्टी निभाएगी।
उक्त उद्गार मंगलवार को यहां समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने व्यक्त किए। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद एचटी हसन, विधायक अबू आसिम आजमी, अब्दुल्ला आजम, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, अताउर्रहमान, एमएलसी जासमीर अंसारी, सरदार देवेन्द्र सिंह खालसा, पादरी पंकज राज मलिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरती और षड्यंत्रकारी पार्टी है। इसने देश की मिलीजुली संस्कृति पर आघात करने के साथ ही समाज को बांटने का काम किया है। भाजपा समाजवादी पार्टी और इसके नेतृत्व को बदनाम करती है। भाजपा वास्तविक मुद्दों के अर्थ बदलने में माहिर है। भाजपा लूट और भ्रष्टाचार से सराबोर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कायरों की जमात है। तमाम उतार चढ़ाव के बावजूद इस बार भाजपा समाजवादी पार्टी की ताकत के सामने नहीं टिक पाएगी। समाजवादी पार्टी की ताकत के सामने भाजपा का घमंड चकनाचूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य बड़ा है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन और पीडीए मिलकर भाजपा को केन्द्र की सत्ता से हटाने में कामयाब होगी।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की बैठक में एक मत से निर्णय लिया गया कि हिन्दू-मुस्लिम एक होकर अखिलेश यादव का साथ देंगे। भाजपा की जुल्म और ज्यादती से तंग जनता भाजपा को हराने के लिए कृतसंकल्प है। सपा और अखिलेश यादव पर ही सबको भरोसा है। बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुटता से एक-एक वोट समाजवादी पार्टी को देने में कोई चूक न करने का इरादा व्यक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेता एवं विधायक मुहम्मद रिजवी, सैयदा खातून, मुहम्मद हसन रूमी, पूर्व विधायक गजाला लारी, परवेज अहमद टंकी, अंसार अहमद तथा अमीक जामेई, चौधरी अदनान, डा. आजम मीर, अकरम सिद्दीकी, फिदा हुसेन अंसारी आदि प्रमुख नेता शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *