Dainik Athah

भाजपा जिला- महानगर अध्यक्ष पद के दावेदारों को करना होगा इंतजार

  • चालू सप्ताह में घोषणा की उम्मीदों पर फिर फिरा पानी
  • अब 50 फीसद के स्थान पर 30 से 35 अध्यक्ष बदलने की चर्चा
  • घोषणा से पहले सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों के लिए आयेगा बुलावा

अशोक ओझा
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के जिला एवं महानगर अध्यक्ष पद के दावेदारों का इंतजार अब और लंबा होने की उम्मीद बलवती हो रही है। चालू सप्ताह में घोषणा की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। अब यह घोषणा अगले सप्ताह के अंत अथवा मध्य में हो सकती है।
बता दें कि पिछले दो माह से अधिक समय से भारतीय जनता पार्टी के जिला व महानगर अध्यक्ष पदों पर बदलाव के लिए कसरत चल रही है। इसके तहत जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रदेश के हर जिले में पर्यवेक्षक के रूप में वरिष्ठ नेताओं को भेजा गया था। सभी पर्यवेक्षकों ने प्रदेश नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट भी 20 जुलाई तक सौंप दी थी। बावजूद इसके अब तक भी पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता जिला व महानगर अध्यक्षों की सूची का इंतजार कर रहे हैं। स्थिति यह है कि यह सूची ऐसी हो गई है कि आज कल- आज कल करते करते पूरे दो माह का समय बीत चुका है। जितनी अधिक देरी जिला व महानगर अध्यक्षों की घोषणा में हो रही है उससे रोज नयी नयी चर्चाओं को जन्म मिल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता इस स्थिति को उचित नहीं मानते।
इसके साथ ही एक सबसे बड़ा नुकसान पार्टी को यह हो रहा है कि जितनी अधिक देरी हो रही है उससे पार्टी का काम भी प्रभावित हो रहा है। अधिकांश जिलों से जो रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश नेताओं को मिल रही है उसके अनुसार जिस प्रकार पूर्व में तेजी से संगठन का काम हो रहा था अब काम की रफ्तार बेहद धीमी हो चुकी है। 15 अगस्त पर पार्टी के घोषित ध्वजा रोहण कार्यक्रमों से भी इसकी झलक मिल रही है। इस कार्यक्र्रम में लखनऊ को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों की रिपोर्ट बेहद खराब है। यह खराब रिपोर्ट भी वर्तमान अध्यक्षों के लिए शुभ नहीं है।

भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो पहले 50 फीसद तक जिला और महानगर अध्यक्ष बदले जाने की सुगबुगाहट थी। लेकिन अब यह कहा जा रहा है कि बदलाव में 30 से 35 अध्यक्ष ही बदले जायेंगे। इसके पीछे कारण यह भी बताया जा रहा है कि केंद्र से बड़े बदलाव की मंजूरी नहीं है। बदलाव के पीछे देरी के क्या कारण है इसका जवाब किसी के पास नहीं है। हालांकि वर्तमान में यह कहा जा रहा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लगातार कार्यक्रम लग रहे हैं। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को नोएडा में सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद 21 जुलाई को प्रदेश सरकार एवं संगठन बुलंदशहर में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम में रहेंगे इस कारण भी देरी हो रही है।

भाजपा के विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि अब जिला व महानगर अध्यक्षों की घोषणा अगले सप्ताह के अंत तक या फिर मध्य में हो सकती है। लेकिन यह भी पता नहीं कि शायद फिर से घोषणा का समय बढ़ जाये।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *