Dainik Athah

भाजपा सरकार में उप्र बदहाल होता जा रहा है: शिवपाल सिंह यादव

अथाह संवाददाता
बांदा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश बदहाल होता जा रहा है। गुजरात के लोगों को यहां लाकर बैठाया जा रहा है। सभी बड़े ठेके उनको दिए जा रहे हैं। प्रदेश में विकास कार्य ठप्प है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसान-व्यापारी परेशान है। अपराध चरम पर है। भाजपा से मुक्ति के लिए 2024 में एकजुट होकर हमें समाजवादी पार्टी को जिताना है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर लोक जागरण अभियान के अन्तर्गत बुधवार को बांदा में शिवपाल सिंह यादव ने दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि संविधान में दी गई संवैधानिक व्यवस्थाओं और मानवाधिकारों को भाजपा सरकार में क्षति पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र के साथ समाजवाद की अवधारणा को दूषित किया जा रहा है। चुनाव प्रबंधन की प्रक्रिया पर विशेष कानून बनाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। सभी को सामाजिक न्याय मिले इसके लिए भाजपा सरकार को जातीय जनगणना करानी चाहिए।
समाजवादी प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सत्र में आज प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के भाषण से शुरूआत हुई। इसमें मौलाना इरफान कादरी, विशम्भर प्रसाद निषाद, प्रो. बी पांडेय, ओम प्रकाश सिंह, राम अचल राजभर, लालजी वर्मा, प्रो. सुधीर पंवार, राय साहब तथा मिठाई लाल भारती ने अपने विचार व्यक्त किये। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 17 अगस्त को बांदा के प्रशिक्षण शिविर में समापन सम्बोधन करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *