Dainik Athah

भाजपा लाख चालाकी कर ले उसे 2024 में सत्ता से बाहर जाना ही है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लाख चालाकी कर ले लेकिन 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर जाना ही है। केन्द्र की सरकार में उसकी वापसी नहीं होने वाली है। जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आ गई है। भाजपा ने जो झूठे सपने दिखाए थे उनकी सच्चाई लोग जान गए हैं। अब जनता के सब्र का बांध टूट रहा है।

अखिलेश यादव गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में एकत्र कार्यकतार्ओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा जबसे पीडीए की चर्चा आई है भाजपा में घबड़ाहट बढ़ गई है। समाज का हर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आक्रोशित है। भाजपा देश को बर्बाद करने पर तुली है। उसका इरादा समाज को बांटने का है। उन्होंने कहा कि विगत 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा ने धांधली और सत्ता का दुरुपयोग करके जीता। भाजपा ने साजिश और षड्यंत्र से समाजवादियों को सरकार में नहीं आने दिया। मतदान से लेकर मतगणना तक में धांधली की गई। मात्र साढ़े तीन लाख वोटों के अंतर से 2022 का चुनाव परिणाम प्रभावित करके भाजपा ने सरकार बनायी थी।
यादव ने कहा कि भाजपा के कारण लोकतंत्र खतरे में है। संवैधानिक संस्थाओं को वह इरादतन कमजोर कर रही है। प्रशासन में भी वह भेदभाव का जहर बो रही है। समाजवादी पार्टी की मान्यता है कि भारतीय संविधान से देश की व्यवस्था चलनी चाहिए। संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव की निष्पक्षता तथा स्वतंत्रता के साथ खिलवाड़ करके सत्ता पर काबिज होती है। समाजवादी पार्टी इस बार भाजपा को धांधली करने से रोकेगी। अब किसी भी तरह की कोताही नहीं होगी। बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव की तैयारी कर रही है। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार तय है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *