Dainik Athah

भाजपा ने उप्र में बुलडोजर से जंगलराज कायम कर दिया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने बुलडोजर से जंगलराज कायम कर दिया है। किसान तबाह है। कानून व्यवस्था चौपट है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं के बारे में बताना है। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक फिर एक बार पहुंचाना जरूरी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करना है।
अखिलेश यादव आज प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सांसद डिंपल यादव भी उपस्थित थी। बैठक में भाजपा की अलोकतांत्रिक साजिशों को काउंटर करने की रणनीति पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विध्वंसकारी है। वह समाज में नफरत फैलाती है। महिलाओं का उत्पीड़न, हिरासत में मौतें भाजपा सरकार के माथे पर कलंक है। वह अपराधिक व्यवस्था को ताकत देती है। भाजपा शासनकाल में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती रहती है। भाजपा रचनात्मक भूमिका अपनाने में असमर्थ है।
यादव ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। भाजपा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमलावर है। लोकतंत्र पर हमला भारत की स्वतंत्रता पर हमला है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत रही है। जातीय जनगणना की मांग इसलिए की जा रही है ताकि सबको समानुपातिक भागीदारी तथा सम्मान मिल सके। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी।
प्रवक्ताओं का यह भी कहना था कि समाजवादी पार्टी के मुद्दे जनसापेक्ष है जबकि भाजपा का चरित्र जनविरोधी है। भाजपा के डबल इंजन के बाद भी विकास की गति पर कोई अन्तर नहीं आ सका। उत्तर प्रदेश ही देश का भविष्य तय करता है। इसलिए अब 2024 में इंजन का चालक बदलना ही होगा। उन्होंने कहा हमारे पास श्री अखिलेश यादव के रूप में एक बेदाग नेतृत्व है जिन पर जनता का पूरा भरोसा है। इस भरोसे को हमें कायम रखना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज सोशल मीडिया की बहुत अहमियत है। इसमें मीडिया सेल से जुड़े सभी युवाओं को सक्रिय एवं सजग रहना है। भाजपा फर्जी खबरें प्रचारित करने में माहिर है। जनता को भाजपा के कारनामों से परिचित कराना है। भाजपा के झूठ का पदार्फाश करने में देर नहीं होनी चाहिए। जनता के सम्पर्क में रहकर भाजपा की जुमलेबाजी से उन्हें अवगत कराते रहना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *