Dainik Athah

सपा प्रमुख अखिलेश यादव करेंगे 6 को कन्नौज में समाजवादी विकास रोजगार यात्रा का नेतृत्व

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में 6 अगस्त को कन्नौज में समाजवादी विकास-रोजगार यात्रा निकाली जाएगी। कन्नौज में काऊमिल्क प्लांट से मंडी तक समाजवादी बड़ी संख्या में इस यात्रा में शिरकत करेंगे।
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव की यह यात्रा भाजपा सरकार के दौर में कन्नौज सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों की बबार्दी को रेखांकित करेगी। अपने इत्र के लिए मशहूर कन्नौज अपने दुर्दिनों के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कन्नौज के विकास के लिए दूरदर्शी नीतियां अपनाते हुए कई कदम उठाए थे। कन्नौज इत्र उद्योग के लिए मशहूर है, इस उद्योग के विकास के साथ इत्र म्यूजियम बनाने की योजना बनाई थी। कन्नौज में काऊमिल्क प्लांट भी समाजवादी सरकार में लगा था। दुग्ध विकास की इस योजना को भाजपा ने बर्बाद कर दिया। यहां एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी चालू करने का काम भी हुआ था। कन्नौज में जिला अस्पताल में महिला विंग का निर्माण और कन्नौज-तिर्वा 4 लेन सड़क का भी निर्माण हुआ था।
चौधरी ने कहा कि प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार सत्ता में आई है तबसे न सिर्फ राज्य का विकास अवरूद्ध हुआ है बल्कि रोजगार न मिलने से नौजवानों का भविष्य भी अंधकार में हो गया है। भाजपा ने समाजवादी सरकार के विकास कार्यों को बर्बाद करना ही अपना विद्वेषी स्वभाव बना लिया है। इन दिनों गर्मी की तपन, बिजली की महंगाई के साथ घंटों-घंटों कटौती से लोग त्रस्त है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के प्रति भाजपा की उपेक्षापूर्ण नीति और कानून व्यवस्था की बदहाली को देखते हुए जनता में भारी आक्रोश है। अखिलेश यादव छह अगस्त को समाजवादी विकास-रोजगार यात्रा का नेतृत्व करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *