Dainik Athah

भाजपा सरकार में नौजवानों का कोई भविष्य नहीं: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। हम पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेंगे। आपसी तालमेल और एकजुटता से वहां चुनाव में अपेक्षित परिणाम आ सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सन् 2003 में समाजवादी पार्टी के 7 विधायक जीत दर्ज करा चुके हैं। इस बार पहले से अधिक समाजवादी विधायक जीत कर आयेंगे।  
    श्री यादव सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मध्य प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेताओं तथा पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में मध्य प्रदेश के संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा हुई।  
    श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास निष्ठावान कार्यकर्ता बड़ी संख्या में है। समाजवादी कारवां अब रूकने वाला नहीं है। गरीब, पिछड़े समाज की आबादी समाजवादी पार्टी की असली ताकत है।
    उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भी उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यों की चर्चा होती है। यहां की उपलब्धियों का मध्य प्रदेश की जनता के बीच और प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। मध्य प्रदेश में आदिवासियों की बड़ी संख्या है, हमें उनके बीच अपनी पैठ बनानी चाहिए। समाजवादी पार्टी शोषितों, वंचितों तथा पिछड़ों को हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की दुश्मन है। भाजपा को लोकतंत्र की परवाह नहीं है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने विकासकार्यों को ठप्प कर दिया है। मध्य प्रदेश में भी घोर गरीबी, बेकारी और अन्याय-अत्याचार है। किसानों के साथ भाजपा का रवैया उपेक्षापूर्ण है। भाजपा की सरकारों में नौजवानों का कोई भविष्य नहीं है।
    बैठक में बलराम यादव, राजेन्द्र चौधरी, रामायण सिंह पटेल, उदयवीर सिंह, श्यामसुन्दर यादव, दीप नारायण सिंह उर्फ दीपक यादव, व्यासजी गोंड, गौरी यादव, अशोक यादव सहित अन्य प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
   मध्य प्रदेश लोधी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष उधम सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
    अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई है कि  उधम सिंह लोधी के आने से समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में मजबूत होगी।        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *