Dainik Athah

पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

अथाह ब्यूरो

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री शकेशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक के समक्ष समाजवादी पार्टी के नेता, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में दारा सिंह चौहान के साथ पंचायत प्रतिनिधि, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में समर्थक भाजपा परिवार में शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, संजय राय, प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव ओलख तथा गिरीश चन्द्र यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने दारा सिंह चौहान को भाजपा परिवार में शामिल करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, सुशासन तथा विकास की यात्रा राष्ट्र को आर्थिक व सामरिक मजबूती प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जुड़कर भाजपा परिवार में शामिल हो रहे प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान का उनके समर्थको के साथ भाजपा परिवार में अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि दारा सिंह जी का भाजपा में आगमन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व की विकास यात्रा को और मजबूत करेगा तथा भाजपा के अंत्योदय संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा। हम सभी मिलकर गरीब कल्याण तथा सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के मंत्र के साथ जनकल्याण, जनसेवा के भाव से कार्य करते हुए जनमानस तक मोदी सरकार व योगी सरकार की नीतियों व योजनाओं को पहुंचाने का माध्यम बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 80 लोकसभा सीटें जीतने के अपने लक्ष्य को शत् प्रतिशत प्राप्त करेगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दारा सिंह चौहान जी के विधिवत रूप से भारतीय जनता पार्टी परिवार में सम्मिलित होने पर बहुत-बहुत बधाई एवं हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन के 73 सांसद जीते थे। वहीं सपा-बसपा-रालोद तथा कांग्रेस के गठबंधन के बावजूद 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन के 64 सांसद विजयी हुए थे। गरीब कल्याण के लिए समर्पित, देश के उत्थान के समर्पित, विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता,  भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार देश में शक्तिशाली सरकार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश से भाजपा गठबंधन का 80 सांसद जीतने का संकल्प पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि दारा सिंह चौहान जी के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। 2024 में उत्तर प्रदेश में एकतरफा कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन में कोई दम नही है। एक दूसरे पर शर्ते थोपकर गठबंधन की बातें हो रही है, जिनका कोई निष्कर्ष नहीं निकलना है। भाजपा की ताकत लगातार बढ़ रही है।  

उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी है। पूरे देश में लगातार राजग का परिवार बढ़ रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की नीति के साथ सभी वर्ग भाजपा के साथ लगातार जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाए जन-जन तक पहुंची है। देश का झंडा आसमान की बुलंदियों को छू रहा है। भारत आज विश्व में पांचवी आर्थिक ताकत बनकर उभरा है।

दारा सिंह चौहान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश ही नहीं अपितु विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, देश के गृह मंत्री अमित शाह , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा बृजेश पाठक के समक्ष भाजपा परिवार में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में जो वातावरण है उसके आधार पर पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि माननीय नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में विकास, गरीब कल्याण, जनकल्याण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और यही कारण है कि भाजपा गठबंधन प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के सिपाही के रूप में मेरी घर वापसी हुई है। हम सभी संकल्पित होकर भाजपा के सिपाही के रूप में काम करेंगे और माननीय नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *