Dainik Athah

बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। जब से भाजपा सत्ता में आई है महंगाई आसमान छू रही है। आम जनता महंगाई से त्रस्त और परेशान है। भाजपा सरकार को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कोई चिंता नहीं है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता के घरेलू बजट को बिगाड़ दिया है। खाने पीने की चीजों के अलावा दूध के दाम भी बढ़ गए। बसों का किराया बढ़ा दिया गया। पढ़ाई-लिखाई महंगी हो गयी है।
उन्होंने कहा भाजपा सरकार का बाजार पर कोई नियंत्रण नहीं है। महंगाई कम करने को लेकर भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। भाजपा सरकार की पूंजीपरस्त और गलत नीतियों के कारण महंगाई नियंत्रण से बाहर चली गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उसके कुछ पूंजीपति मित्रों को छोड़कर बाकी जनता संकट के दौर से गुजर रही है। आम आदमी को सामान्य जीवन जीने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार में दाल, चावल, आटा, तेल और सब्जी सब कुछ महंगी हो गयी है। लोगों को दो वक्त की रोटी मिलना मुष्किल हो गया है लेकिन सरकार जनसरोकारों से पूरी तरह से आंख बंद कर बैठी है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। झूठे वादे कर सरकार में आयी भाजपा न महंगाई रोक पायी, न बेरोजगारी कम कर पायी है। अन्याय, अत्याचार बढ़ गया है। भाजपा सरकार में गरीब और मध्यम वर्ग बे-मौत मारा जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *