Dainik Athah

भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों को संविधान में दिए हक को छीन रही है: अखिलेश यादव

  • पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्य तिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि


  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधामंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय और विधानसभा भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों, नौजवानों, मजदूरों को जगाने का काम किया। उन्होंने कहा था कि बिना किसानों के खुशहाली के देश का विकास नहीं होगा। हर वर्ग के लोगों ने चौधरी साहब को किसानों का नेता माना। समाजवादी पार्टी चौधरी साहब के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेती है। समाजवादी लोग चाहते हैं कि चौधरी चरण सिंह के सपने पूरे हो।
    विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के पास संख्या बल कम के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने दलित और पिछड़े वर्ग का प्रत्याशी उतारा है। इससे पिछड़ों के नाम पर राजनीतिक लाभ उठाने वाले कई लोग एक्सपोज हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों को संविधान में दिए हक और सम्मान को छीन रही है। भाजपा दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय कर रही है। भाजपा लिटरल एंट्री, आउटसोर्स, और निजीकरण के जरिए पिछड़ों, दलितों को नौकरियों, अवसर और आरक्षण से वंचित कर रही है। विश्वविद्यालय और कालेजों की नियुक्तियों, नौकरी और भर्तियों मे हर जगह मनमाने तरीके से अपने चहेतों की भर्ती कर रही है। संविधान और नियमों के अनुसार आरक्षण नहीं दे रही है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पिछड़ों और दलितों से वोट तो लेती है लेकिन जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है। उन्हें जनसंख्या के अनुपात में हक नहीं देना चाहती। भाजपा सामाजिक न्याय की विरोधी है। केन्द्र की भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया। जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र की घोषणाओं को पलटकर नहीं देखा। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में उत्तर प्रदेश के कितने शहरों में एम्स बनाने का वादा किया था लेकिन अब उसे यह याद भी नहीं होगा। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा यह भी वादा भूल गयी। इसी तरह से स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर झूठ बोला और धोखा दिया। नदियों की सफाई नहीं हुई। नमामि गंगे के नाम पर हजारों करोड़ के बजट की लूट हो गयी लेकिन मां गंगा साफ नहीं हुई। मंहगाई, बेरोजगारी चरम पर पहुंच गयी।
    यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और कानून की धज्जियां उड़ा रही है। जब वोट लेना था तब बेटी बचाओ का नारा दिया था अब सरकार में हैं तो बेटियों को अपमानित कर रहे हैं। उन्हें सड़कों पर घसीट रहे हैं। भाजपा जनता को भ्रमित करने के लिए दिखावटी नारे देती है। पूरा देश देख रहा है कि कुश्ती में मेडल जीत कर देश का मस्तक ऊंचा उठाने वाली बेटियों को भाजपा सरकार अपमानित कर रही है। अगले चुनाव में यही माताएं, बहनें और बेटियां भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगी।
    अखिलेश यादव ने कहा नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी मानकों पर देश के अन्य राज्यों से पीछे हैं। अस्पतालों में मरीजों को दवा और इलाज नहीं मिल रहा है। सरकार जनता को गुमराह करने के लिए वन ट्रिलियन डॉलर का सपना दिखा रही है। निवेश के नाम पर कई इन्वेस्टर मीट हुए लेकिन कोई इन्वेस्टमेंट जमीन पर नहीं उतरा। कहीं फैक्ट्रियां और कम्पनियां नहीं लगी। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *