Dainik Athah

प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है गुंडे अपराधियों के हौंसले बुलंद: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। गुंडे और अपराधियों के हौसले बुलन्द है। फर्जी एनकाउण्टर वाली सरकार को बताना चाहिए कि तमंचे की आपूर्ति कहां से हो रही है। अब तो मुख्यमंत्री के आवास के पास भी गोलीबारी की घटनाएं हो रही है।
उन्होंने कहा जब राजधानी लखनऊ में अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं तो प्रदेश के अन्य जिलों में क्या स्थिति होगी इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। प्रदेश के जिलों-जिलों में हर दिन हत्या, लूट, बलात्कार, छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के निकट हजरतगंज इलाके में बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर नरही में मोबाइल सेन्टर संचालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बागपत के छपरौली में धारदार हथियार से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी गयी। बीते मंगलवार को गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दो बदमाशों ने दिन दहाड़े घर में घुस कर व्यापारी की हत्या कर दी।
यादव ने कहा शामली के थानाभवन में सोमवार को नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर डकैती डाली। ये तो कुछ चंद उदाहरण है। भाजपा राज में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। सत्ता के संरक्षण में हिस्ट्रीसीटर और अपराधी थानों में और पुलिस पर भारी पड़ते दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा अपराधों की संख्या कम दिखाने के लिए पुलिस एफआईआर दर्ज करने से कतराती है। पुलिस अपराधियों को दंड देने और उनके खिलाफ मामले दर्ज करने के बजाय निदोर्षों और असहायों पर रौब दिखाती है। भाजपा सरकार में लोग थाने और पुलिस के पास जाने से डरने लगे हैं। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के अन्यायी और अत्याचारी शासन से ऊब चुकी है। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार के अन्याय का मुंहतोड़ जवाब देगी। कानून और संविधान के साथ खिलवाड़ करने वालों का सफाया होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *