Dainik Athah

प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादों से ऊब चुकी है: अखिलेश यादव

बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार के लिए भाजपा जिम्मेदार

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने कहा है कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार प्रदेश में अराजकता फैला रही है। झूठे वादे करना और दूसरों पर झूठे आरोप लगाने के अलावा भाजपा के पास और कुछ नहीं है। भाजपा सरकार को विकास कार्य और जनता की सुविधाओं से कोई मतलब नहीं है। प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादों और बहकावों से अब ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के अवसर पर जनता भाजपा का सफाया कर विकास और सद्भाव की राजनीति को आगे बढ़ाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाने और नकारात्मकता को बढ़ावा देने की राजनीति करती है।

नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिल रहे भारी जनसमर्थन से भाजपा में बौखलाहट है। जनता भाजपा की डबल इंजन सरकार और नगर निगमों के मेयरों से हिसाब लेने को तैयार है। नगर निकायों में भाजपा के सत्ता काल में न कहीं कूड़ा उठा, न ही साफ सफाई पर ध्यान दिया गया। जनता को सामान्य नागरिक सुविधाएं भी नहीं मिली। उन्होंने कहा सत्ता में आने के बाद भाजपा ने जनता को कदम-कदम पर धोखा दिया है। किसानों, नौजवानों, छात्रों, महिलाओं, व्यापारियों, से किये वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा ने अपने संकल्प पत्रों को कूड़ेदान में फेंक दिया। पूरे निकाय चुनाव में भाजपा नेताओं ने जनता के हितों और सुविधाओं की बात नहीं की।
यादव ने कहा भाजपा ने जनता को स्मार्ट सिटी का सपना दिखाया। प्रदेश का एक भी शहर स्मार्ट सिटी के मानक को पूरा नहीं कर रहा है।

भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार और लूट की। समाजवादी सरकार ने जो अच्छे काम किए भाजपा ने उन्हें बर्बाद किया। उन्होंने प्रदेश की जनता से नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का भी चुनाव है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा विकास और जनता की सुविधाओं के लिए काम किया है। समाजवादी पार्टी ही प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *