Dainik Athah

अनिल कसाना- योगेंद्र मावी ने विधायक पर जमकर बोला हमला

  • लोनी में निकाय चुनाव से पहले ही विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ
  • दोनों नेताओं का वीडियो हो रहा वायरल, वीडियो की दोनों ने की पुष्टि

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद जिले में चल रहे निकाय चुनाव के मतदान से ठीक दो दिन पहले एवं प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के आगमन से एक दिन पहले लोनी के भाजपा नेताओं के वीडियो वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र मावी और पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कसाना ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाये हैं। इसके साथ ही लोनी भाजपा में चल रहा विवाद अब सड़क पर आ गया है।

वीडियो में बगैर नाम लिये योगेंद्र मावी कह रहे हैं कि 20 अप्रैल को जिस समय मेरी पत्नी का अंतिम संस्कार हो रहा था ठीक उस समय मेरे खिलाफ पत्र जारी किया गया। यह कृत्य योगेंद्र मावी का नहीं पूरे टीला गांव और गुर्जर समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिये कि जिन छह छह गाड़ियों में चल रहे हैं वे कहां से आई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी पुत्र वधू के चेयरमैन पद का टिकट मांगने पर कहा गया कि ये भाजपा की कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि लोनी ब्लाक प्रमुख इनके परिवार की है। वे क्या भाजपा महिला मोर्चा की राष्टÑीय अध्यक्ष थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भाजपा को खत्म करने का काम कर रहे हैं। पूरे संगठन को इसने तहस नहस कर दिया है। कहीं किसान यूनियन का उपयोग किया जाता है तो कहीं महिलाओं से आरोप लगवाये जाते हैं।

इसके साथ ही योगेंद्र मावी ने कई गंभीर आरोप लगाये हैं।
दूसरी तरफ पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कसाना ने भी बगैर नाम लिये आरोप लगाये कि कुछ षड़यंत्र करने का काम करते हैं और झूठे आरोप लगाते हैं। उनको जनता वह जवाब जरुर देंगे। उन्होंने कहा कि वे लोनी के ब्लाक प्रमुख रहे हैं और ईमानदारी से राजनीति की है। उन्होंने कहा उसे (विधायक को) अपनी जेब का प्रत्याशी चाहिये था। अनिल कसाना और योगेंद्र मावी अच्छी छवि के हैं। प्रत्याशी भाजपा के नाम से जीत रहे हैं, इनके पास अपना कुछ नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे व्यक्ति विशेष का विरोध कर रहे हैं। जब 2022 के विधानसभा चुनाव में मैं प्रस्तावक था, चुनाव लड़वाया उस समय ठीक था। बाद में गुंडा, माफिया और चोर बताया। लोनी की जनता ऐसे लोेगों को सबक सिखायेगी।
इस संबंध में लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर को दो बार फोन मिलाया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। किसी ने फोन उठाकर बताया कि सभा में है, लेकिन वापस फोन नहीं आया।

जिस प्रकार दोनों भाजपा नेताओं ने नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ मोर्चा खोला है उससे यह तय है कि लोनी भाजपा की लड़ाई अब नये मुकाम की तरफ चल दी है। इस लड़ाई में जीत किसकी होगी यह तो आने वाले समय में ही पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *