Dainik Athah

हमें भाजपा के साथ हीडीएम-एसपी और उनके टीवी चैनलों से भी लड़ना है: अखिलेश यादव

  • गाजियाबाद पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव
  • शिक्षा, स्वास्थ,रोजगार, महंगाई की बात पर भाजपा का जवाब तमंचा अखिलेश यादव
  • बुनियादी सुविधाओं से ध्यान भटका रही भाजपा:अखिलेश यादव
  • सपा गाजियाबाद में भारी बहुमत से विजयी होगी: यादव

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
सड़कों से कूड़ा और सांड न हटा पाने वाली भारतीय जनता पार्टी निकाय चुनाव में क्या हुंकार भरेगी। उनसे (भाजपा) महंगाई पर सवाल करो, बेरोजगारी पर सवाल करो या किसी अन्य मुद्दे पर सवाल करो, सबके जवाब में वह सिर्फ तमंचा कहकर मुद्दे को भटकाने का काम करते हैं। जनता अब परिवर्तन चाहती है, परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि सपा को निकाय चुनाव में भाजपा से लड़ना है, उनके डीएम- एसपी से लड़ना है, उनके टीवी चैनलों से लड़ना है।
निकाय चुनाव के लिए नामांकन की तिथि खत्म हो चुकी है, प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। प्रत्याशियों के समर्थन में रजनीतिक दल के नेता भी प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। इसी क्रम में बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गाजियाबाद में महापौर पद पर चुनाव लड़ रहीं सपा प्रत्याशी पूनम यादव के घर पहुंचे।

उन्होंने इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए भाजपा के साथ ही मीडिया पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बुनियादी सुविधाएं ही दुरुस्त नहीं कर सकी है, स्मार्ट सिटी का सपना दिखाकर पूरा नहीं कि कर सके। उन्होंने गाजियाबाद में बनी साइकिल ट्रैक पर सवाल उठाए जो भाजपा शासन में टूट चुके हैं और जर्जर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि गरीब को साइकिल चलाने के लिए सड़कों के साथ-साथ साइकिल ट्रैक बनाए थे जो भाजपा शासन में टूट चुके हैं। और सड़कों की हालत आप देख सकते हैं हर जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने प्रयागराज में हुए गोलीकांड पर भी सवाल उठाएं।

इसके साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सत्तारूढ़ भाजपा के साथ ही उनके डीएम- एसपी, उनके टीवी चैनलों से भी लड़ना है। वही इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में उन्होंने पढ़ी-लिखी एक ग्रहणी महिला को टिकट दिया है जिसको घर चलाने की अच्छी समझ है वह शहर भी अच्छी तरीके से चलाएगी और निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी और गठबंधन मिलकर गाजियाबाद में महापौर पद पर सपा प्रत्याशी पूनम यादव को जीत दिलाएंगे।

गठबंधन ठीक है, कार्यकर्ता को नही करेंगे निराश
सपा रालोद गठबंधन के बीच दरार को लेकर जब अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि गठबंधन ठीक है, मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, हम अपने कार्यकर्ता को निराश नही करेंगे।

पत्रकारों से जमकर हुई धक्का-मुक्की
सपा प्रत्याशी के घर अखिलेश यादव के पहुंचने पर वहां मौजूद बाउंसरों ने पत्रकारों से जमकर धक्का मुक्की की। इस दौरान सपा कार्यकतार्ओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर सवाल करने पर महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव के आने की सूचना पर कार्यकतार्ओं की भीड़ अधिक हो गयी थी। हर कोई अखिलेश यादव से मिलना चाहता था, जिस कारण समस्या हुई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *