Dainik Athah

मुख्यमंत्री आवास पर कोर कमेटी की बैठक संपन्न: महापौर, लोनी, मुरादनगर, खोड़ा को लेकर फंसा पेंच

मुख्यमंत्री आवास पर कोर कमेटी की बैठक संपन्न

महापौर, लोनी, मुरादनगर, खोड़ा को लेकर फंसा पेंच


केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह के कदम से भी बड़ी चेयरमैन और पार्षद दावेदारों की धड़कनें
आज दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से सूचियों को लेकर मंथन करेगा प्रदेश नेतृत्व




अशोक ओझा
लखनऊ।
गाजियाबाद नगर निगम महापौर पथ के साथी लोनी नगर पालिका खोड़ा नगर पालिका और मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन पदों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व का सिर दर्द बढ़ गया है । पूरे दिन चली मैराथन बैठकों के बाद भी प्रदेश नेतृत्व इन सीटों को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं कर सका है। इसको लेकर देर शाम घंटो तक मुख्यमंत्री आवास पर कोर कमेटी की बैठक भी चली। अब केंद्रीय नेतृत्व गाजियाबाद के मुद्दों को लेकर अंतिम निर्णय करेगा।
गाजियाबाद नगर निगम महापौर की सीट सामान्य महिला के लिए निर्धारित है । इस सीट पर गाजियाबाद की महिला नेताओं के साथ ही पुरुष नेताओं की पत्नियां भी दावा ठोक चुकी है। इसके साथ ही आम जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं से दूरी रखने वाले । धन्ना सेठ भी महापौर की सीट पर नजर गड़ाए बैठे हैं। इन धन्ना सेठो जिनके पास पार्टी के लिए तो कोई समय है ही नहीं साथ ही अपने धंधों में लगे हैं ऐसे लोग भी महापौर की सीट पर कब्जा करना चाहते हैं वह भी ऊपर की सेटिंग के बलबूते। भाजपा का प्रदेश नेतृत्व महापौर सीट को लेकर कोई निर्णय नहीं कर सका है महापौर पद के लिए महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की पत्नी ऋतु के साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल की पत्नी एवं पूर्व महापौर स्वर्गीय दमयंती गोयल की पुत्रवधू भी पूरे जोर शोर से टिकट पर दावा ठोक रहे हैं। महापौर पद को लेकर जहां विधायक एकमत है वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह और एमएलसी दिनेश गोयल एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश नेतृत्व कोई निर्णय करने की स्थिति में नजर नहीं आ रहा है।
यदि बात लोनी नगर पालिका की की जाए तो स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपने विरोधियों योगेंद्र मावी की पुत्रवधू और पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कसाना पत्नी का खुलेआम विरोध कर रहे हैं। इस विरोध के जरिए नंदकिशोर अपने समर्थकों को चेयरमैन पद प्रत्याशी बनाने का दबाव भाजपा नेतृत्व पर बनाए हुए हैं। नंदकिशोर का दबाव प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व कितना झेल पाएगा यह समय ही बताएगा इस मामले में भी जनरल वीके सिंह और नंदकिशोर गुर्जर अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थन में खड़े हैं।
खोड़ा मकनपुर नगर पालिका में भी यही स्थिति नजर आ रही है। वहां पर जनरल वीके सिंह और साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा आमने-सामने हैं। दोनों अपने-अपने समर्थकों को टिकट दिलाना चाह रहे हैं । इसको लेकर भी प्रदेश नेतृत्व के माथे पर बल पड़े हुए हैं।
बात यदि मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन की की जाए तो यहां पर भी जनरल वीके सिंह और विधायक अजीत पाल त्यागी के हितों का टकराव नजर आ रहा है। यहां पर नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष है।
जिस प्रकार भाजपा का प्रदेश नेतृत्व गाजियाबाद महापौर लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिका पर निर्णय नहीं कर सका है उसके बाद शनिवार को इन सभी दावेदारों को लेकर भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री मंथन करेंगे। उसके बाद ही शनिवार देर शाम या फिर रविवार को भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *