Dainik Athah

उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव: भाजपा नेताओं के सामने पत्नियों के सहारे राजनीतिक वजूद बचाने की चुनौती

नेताओं की पत्नियों के खिलाफ महिला नेता संभाल रही है मोर्चा

नेताओं की पत्नियों के आवेदन सबसे अधिक, महिला नेता पहुंच रही नीचे के पायदान पर


  • अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद
    । प्रदेश के गाजियाबाद जैसे महत्वपूर्ण जिले में भाजपा ही क्या अधिकांश राजनीतिक दलों के नेताओं के सामने अपना वजूद बचाने का संकट है। ऐसे में इनका प्रयास है कि पत्नियों के सहारे अपने वजूद को कायम रखा जाये। लेकिन पुरुष नेताओं की पत्नियों के सामने भाजपा की ही महिला नेता अड़कर खड़ी हो रही है। अब देखते हैं पत्नियों का भाग्य जोर मारता है अथवा महिला नेताओं का। इसके साथ ही दावेदारों में पार्षद की पत्नी से लेकर पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तक महापौर या नगर पालिका चेयरमैन की दौड़ में है।
    यदि गाजियाबाद नगर निगम में महापौर के दावेदारों की सूची देखी जाये तो इसमें पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा की पत्नी प्रीति शर्मा, पार्षद हिमांशु मित्तल की पत्नी मोनिका मित्तल, पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी की पत्नी पूर्व विधायक हेमलता चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल की पत्नी डा. रूचि गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, आरडब्ल्यूए के नेता कर्नल टीपीएस त्यागी की पत्नी डा. रमा त्यागी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश अग्रवाल की पत्नी रमा अग्रवाल एवं डा. आरके पोद्दार की पत्नी डा. मधु पोद्दार, यशोदा अस्पताल के प्रबंध निदेशक डा. दिनेश अरोड़ा की पत्नी डा. शशी अरोड़ा के साथ ही निवृतमान महापौर आशा शर्मा भी आवेदकों में शामिल है।
    इतना ही नहीं लोनी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी मावी जहां मजबूत दावेदार के रूप में सामने आई है, वहीं योगेंद्र मावी की पुत्र वधु चारु मावी के साथ ही विधायक प्रतिनिधि ललित शर्मा की पत्नी सोनिया शर्मा, सूरज चौधरी की पत्नी अंजू चौधरी, पूर्व चेयरमैन डा. विनोद बंसल की पत्नी मीनू बंसल, डा. प्रमेंद्र जांगड़ा की पत्नी ममता को यहां पर प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि लोनी से महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष डा. कोमुदी महिला नेता होने के नाते दावा कर रही है।
    खोड़ा कालोनी में भी भाजपा के अधिकांश नेताओं की पत्नियां प्रमुख दावेदारों में शामिल है तो निवृतमान चेयरमैन रीना भाटी, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है।
    मुरादनगर नगर पालिका में भाजपा के महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल की पत्नी रमा देवी, पूर्व चेयरमैन रेखा अरोड़ा, भाजपा नेता संजीव त्यागी की पत्नी संयोगिता, महानगर पदाधिकारी विकास डागर की पत्नी आकांक्षा डागर, बीडीसी सदस्य और भाजपा नेता केडी त्यागी की बीडीसी पत्नी साधना त्यागी प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
    बाक्स
  • लोनी में पत्नी के स्थान पर खुद नेताजी पहुंचे साक्षात्कार में
    लोनी में एक नेताजी अपनी पत्नी के स्थान पर खुद साक्षात्कार देने पहुंचे। उन्होंने बताया कि पत्नी को बुखार है। हालांकि नेताओं ने उनका भी साक्षात्कार ले ही लिया।
    बाक्स
  • जिले में पत्नियों के साथ पति भी पहुंचे, महानगर में केवल महिला दावेदार
    देखा गया कि संगठनात्मक दृष्टि से गाजियाबाद जिले में साक्षात्कार के दौरान पति भी पत्नियों के साथ साक्षात्कार में मौजूद थे। इस दौरान वे खुद भी पत्नी की तरफ से सवालों के जवाब बीच बीच में दे रहे थे। केवल मधु शर्मा खुद साक्षात्कार के लिए पहुंची। हालांकि उनके पुत्र भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा बाहर खड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *