Dainik Athah

मौर्य पहले सुनेंगे शिकायतें, फिर कसेंगे अफसरों के पेंच

  • आज जिला- महानगर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य
  • वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे केशव मौर्य
  • महर्षि कश्यप जयंती समारोह में भी होंगे शामिल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज गाजियाबाद आ रहे हैं। मौर्य के आगमन एवं इसके बाद होने वाली समीक्षा बैठक को लेकर अधिकारियों के माथे पर चिंता है। वे पहले कार्यकर्ताओं की सुनेंगे और अफसरों के पेंच कसेंगे।
मौर्य का पिछले चार दिन में मेरठ मंडल में यह तीसरा जिला है जहां पर वे कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद जिलों में विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। वे इससे पहले रविवार को मेरठ, मंगलवार को हापुड़ एवं अब बुधवार को गाजियाबाद में बैठक कर रहे हैं। मौर्य मंगलवार को सुबह साढ़े नौ बजे से भाजपा के जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनेंगे। सूत्रों के अनुसार इसके बाद वे भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे जिसमें जन प्रतिनिधि, जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ ही जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी तथा प्रदेश पदाधिकारी रहेंगे।

इसके बाद वे कलक्ट्रेट सभागार में विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद मीडिया से बात करेंगे। इतना ही नहीं बाद में महर्षि कश्यप जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घंटाघर रामलीला मैदान जायेंगे। इन सभी कार्यक्रमों में उनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र शिशौदिया भी रहेंगे। इसके साथ ही समीक्षा बैठक में सांसद- विधायकों के साथ ही भाजपा के जिला व महानगर अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य पूर्व में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके बाद से वे लगातार उप मुख्यमंत्री है। मौर्य पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष तव्वजो देते हैं। यहीं कारण है कि वे समीक्षा बैठक से पहले कार्यकर्ताओं की पीड़ा सुनेंगे। समय समय पर वे अफसरों को कार्यकर्ताओं की समस्या न सुनने को लेकर लताड़ भी लगाते रहते हैं। यहीं कारण है कि मौर्य के दौरे एवं समीक्षा बैठक को लेकर अफसरों के माथे पर पसीना है। यदि किसी ने पुलिस अथवा प्रशासन की शिकायत की तो बैठक में ही ऐसे अफसरों की क्लास भी लग सकती है। भाजपा के साथ ही प्रशासन ने भी उप मुख्यमंत्री की बैठक को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।

दूसरी बार महापौर पद महिला के लिए आरक्षित होने का भी उठेगा मुद्दा

सूत्रों के अनुसार भाजपा पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक में गाजियाबाद महापौर पद लगातार दूसरी बार महिला के लिए आरक्षित होने का मुद्दा भी उठेगा। बता दें कि इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इस मुद्दे से वे कैसे निपटेंगे यह समय ही बतायेगा। लेकिन नाराजगी तो उन्हें झेलनी ही पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *