Dainik Athah

हम कांशीराम के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं: अखिलेश यादव

कांशीराम की प्रतिमा का अनावरण

अथाह ब्यूरो
रायबरेली/ लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने रायबरेली के मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय चरूहार, जियायक में सामाजिक परिवर्तन के महानायक कांशीराम की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने, सपा के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य के पिताजी स्वर्गीय बदलू मौर्य की प्रतिमा का भी अनावरण किया। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी प्रसाद मौर्य ने किया था।
सोमवार को इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम ने नई तरह की राजनीति की शुरूआत की थी।

उनके साथ जो भेदभाव हुआ उसको देखकर उन्होंने जो शुरूआत की, उससे परिवर्तन आया। उन्होंने बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के रास्ते पर चलकर समाज के सबसे पिछड़े तबके के लोगों को जगाने के लिए घर-घर जाकर काम किया। उन्होंने कहा कि हम बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम बहुजन समाज में सेंध लगाने नहीं, बहुजन समाज को बांधने वाले हैं। नेताजी मुलायम सिंह यादव और मान्यवर कांशीराम ने देश में एक नई तरह की राजनीति शुरू की थी। नेताजी ने मान्यवर कांशीराम को इटावा से लोकसभा जिताकर दिल्ली संसद में में पहुंचाने में मदद की थी और देश में नई राजनीति की शुरूआत की थी। आज समाज को जोड़ने की जरूरत है। समाजवादी आंदोलन में डा. राममनोहर लोहिया ने जो रास्ता दिखाया था, वह वही रास्ता है जो बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम का है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास तभी हो सकता है, जब जातीय जनगणना हो। बिना जातीय जनगणना के सामाजिक न्याय और सबका साथ, सबका विकास सम्भव नहीं है। भाजपा जिस तरह के फैसले ले रही है, उसमें पिछड़ों, दलितों गरीबों की गिनती नहीं होगी। भाजपा सब कुछ निजी हाथों में सौंप रही है। निजीकरण होने के बाद पिछड़ों, दलितों, को संविधान में दिया गया अधिकार कैसे मिलेंगे?
यादव ने कहा कि यह लड़ाई लम्बी है। समाजवादियों ने बहुत प्रयोग किये। हमने भी कोशिश की। हमने बसपा से गठबंधन भी किया। बसपा जीरो से दस पहुंच गयी थी। आज बसपा के सभी बड़े नेता सपा में है। उन्होंने कहा कि लोगों को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा दूसरों का साथ लेकर भी चुनाव लड़ती है। इसलिए भाजपा से तो सावधान रहना ही होगा। साथ ही जो भाजपा की इनडायरेक्ट मदद करते हैं, उनसे भी सावधान रहना होगा। भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। नौजवानों को रोजगार के नाम पर झूठा प्रचार करती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। मुख्यमंत्री कहते है प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी हो गई लेकिन आम जनता की आय दोगुनी नहीं हुई। सिर्फ भाजपा सरकार के अधिकारियों की आय दोगुनी हुई है। इसी तरह से सरकार यूपी की ग्रोथ रेट का गलत आंकड़े देकर झूठ बोल रही है। वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी बनाने का सपना दिखा रही है। झूठ को सच बनाने के लिए अमेरिका की कम्पनी को 200 करोड़ रुपए देकर उसकी मदद ले रही है। किसान अपने फसल की खरीद के लिए मंडी की तलाश कर रहा है। आज गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। सरकारी खरीद इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि भाजपा सरकार ने देश की कम्पनियों को गेहूं खरीद का लाईसेंस दे दिया है। लाईसेंस देकर आढ़तियों के द्वारा पूरा का पूरा गेहूं खरीदा जाएगा। इसके बाद कारोबारी लोग महंगा आटा बेचेंगे। किसानों के गेहूं की सप्लाई महंगे आटे के रूप में उद्योगपति लोग करेंगे।
इस अवसर पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज, विधायक राकेश प्रताप सिंह, राहुल लोधी, पूर्व एमएलसी आरएस कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता के साथ विशाल जनसमूह उपस्थित रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *