Dainik Athah

भाजपा के अंदरूनी झगड़े में उत्तर प्रदेश का बड़ा नुकसान हो रहा है: अखिलेश यादव

समाजवादी नेता बेनी प्रसाद वर्मा को पुण्य तिथि पर नमन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आज पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता स्व. बेनी प्रसाद वर्मा की पुण्यतिथि पर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने स्व. बेनी बाबू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा बेनी प्रसाद वर्मा ने हर सम-विषम परिस्थिति में पार्टी का साथ निभाया। वे सपा के संस्थापक सदस्य रहे। राजनीतिक स्थितियां कैसी भी बनीं हो उन्होंने हमेशा गरीबों की आवाज को बुलन्द किया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के अंदरूनी झगड़े में उत्तर प्रदेश का बड़ा नुकसान हो रहा है। भाजपा की दिल्ली और यूपी की सरकार एक दूसरे की बात नहीं मानती है। प्रदेश में स्थायी डीजीपी की तैनाती न होना इसी झगड़े का नतीजा है।

हमारी समाजवादियों से अपील है कि वे जनता के बीच जायं, जनता से सम्पर्क करके बतायें कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। गरीबों को कहीं न्याय नहीं मिल रहा है। 2024 में भाजपा को हराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के डीजीपी की नियुक्ति में सुप्रीमकोर्ट की गाईडलाईन का उल्लंघन हो रहा है। एक न एक दिन गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना पड़ेगा।

यादव ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में गिरी हैं लेकिन डीजल, पेट्रोल की कीमतें क्यों कम नहीं हुईं? आखिर मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार आज भी प्रोविडेन्ट फंड का पैसा अडानी की कम्पनियों में लगा रही है। जो कम्पनी डूब रही है लगातार घाटे में जा रही है, आखिर उसमें सरकारी पैसा क्यों लगाया जा रहा है? डूबी कम्पनी में एलआईसी और एसबीआई बैंक का पैसा लगाने वालों को कब जेल भेजा जाएगा? भाजपा सरकार ने अन्याय की सारी सीमाएं पार कर दी है। पार्टी और कार्यकर्ता देख कर मुकदमें दर्ज किये जा रहे हैं। भाजपा पहले बेईमानी और भ्रष्टाचार करती है। बेईमानी और अन्याय का विरोध करने वालों पर भाजपा उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा रही है। पंचायत चुनाव, ब्लाक प्रमुख चुनाव और जिला पंचायत चुनाव के बाद एमएलसी चुनाव भाजपा ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया।

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के पर्चे नहीं भरने दिये गये। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव पैसा और प्रशासन के द्वारा जीता गया। को-आपरेटिव के चुनाव में सरकार के निर्देश पर एक तरफा चुनाव करा दिया गया। भाजपा सरकार में अन्याय और भ्रष्टाचार के विरूद्ध आवाज उठाने वालों पर ऐसे मुकदमें लगाएं जा रहे हैं जिससे कि उनकी सदस्यता चली जा रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, समाजवादी विधायक दल के मुख्य सचेतक मनोज पाण्डेय ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *