Dainik Athah

भाजपा सरकार ने दूध, बस- आटो किराया बढ़ाकर,घरेलू अर्थ व्यवस्था को चौपट करने का काम किया है: अखिलेश यादव



  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने दूध के दाम बढ़ाकर और बस-आॅटो का किराया बढ़ाकर घरेलू अर्थव्यवस्था को चौपट करने का जनविरोधी काम किया है। पहले अमूल ने अपने दूध उत्पादों के दाम बढ़ाए फिर पराग ने भी दाम बढ़ा दिए। इससे बच्चों के दूध में कटौती होगी। भाजपा सरकार में सफर भी मंहगा हो गया है। सामान्य बस सेवाओं का किराया 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर बढ़ाने से अब परिवहन सेवाओं की दर में 1 रूपए 30 पैसे प्रतियात्री प्रतिकिलोमीटर की बढ़ोत्तरी हो गई है।
    यादव ने कहा कि केन्द्रीय बजट के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनता पर मंहगाई की मार पड़ना शुरू हो गई हैं। लोग त्राहि-त्राहि करने लगे हैं। लोग कैसे अपनी गृहस्थी चलाएं और कैसे जीवनयापन करें यह सवाल अब सभी को परेशान कर रहा है। जनता को अब पूरा विश्वास हो चला है कि भाजपा सरकार पूंजीघरानों की संरक्षक सरकार है, पूंजीपति मित्रों को लम्बे-लम्बे कर्ज देने वाली सरकार है, उससे देश की अर्थव्यवस्था भले ही बने या बिगड़े।
    उन्होंने कहा कि रोडवेज बसों के साथ ही लखनऊ शहर में आॅटों का किराया भी बढ़ गया है। अब यात्रियों को प्रति किलोमीटर के लिए लगभग 10.58 रूपए किराया देना होगा। रोडवेज का किराया वर्ष 2012 से 2014 तक प्रतिवर्ष और फिर वर्ष 2016-2017 तथा 2020 और 2023 में बढ़ाया गया। भाजपा सरकार का जो हाल में केन्द्रीय बजट पेश हुआ, उसमें मंहगाई रोकने का कोई उपाय नजर नहीं आ रहा है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में कहीं कमी नहीं हुई। खाद्यान्न के दामों में बढ़ोत्तरी से आम जनता क्या खाए क्या बचाए? जन-साधारण की दैनंदिन चिंताओं और परेशानियों पर भाजपा सरकार ने आंख मूंद रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *