Dainik Athah

आर्थिक गतिविधियां- विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता: असीम अरुण

जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने की विकास, कानून व्यवस्था की समीक्षा

  • मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे
  • कानून व्यवस्था सुदृढ करने को पुलिस कमिश्नर को निर्देश

    अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद।
    जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने अपनी पहली समीक्षा बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आर्थिक गतिविधियों एवं विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। अपने पुलिस के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था में कैसे सुधार हो सकता है।
    गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे असीम अरुण ने सुबह से लेकर शाम तक गाजियाबाद में कई स्थानों पर जहां विकास कार्यों को धरातल पर जाकर देखा तो कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था एवं अनवरत विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में उन्होंने मुख्यत: तीन बिन्दुओं पर अधिक फोकस रखा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को बता दिया कि वे पुलिस विभाग में रहे हैं तो उन्हें कानून व्यवस्था को सृदृढ़ रखने का अनुभव तो है ही साथ ही अब विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से करने की भी योजना बनाकर उसे पूरा करना होगा।


  • उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरुप सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समय से पूर्ण कराकर आमजन को उसका लाभ मिले, इस दिशा में हमें कार्य करते हुए आगे बढ़ना है। उन्होंने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस आयुक्त को जहां कई दिशा-निर्देश दिए वहीं जिले में अनवरत बिजली आपूर्ति की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए पूरी कार्ययोजना को भी समझा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य अभियंता को निर्देश दिए। किसानों की फसल प्रभावित न होने पाएं, किसानों को पशुओं के लिए चारा काटने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित लद्यु उद्योगों को प्रचूर मात्रा में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से मिले इसके लिए निर्देश दिये।
    उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में खासका औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित न होने पाए, इसके लिए संसाधानों को मजबूत किया जाए। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो औद्योगिक माहौल बना है उसे और भी बेहतर बनाना है। उन्होंने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बारे में विस्तार से बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवीन उद्योगों के स्थापित होने से जिले में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी और गाजियाबाद का नाम पूरे प्रदेश में अलग मुकाम हासिल करेगा, इसके लिए सभी को उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करना होगा। राज्य मंत्री ने चल रहे विकास कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकासकारी योजनाओं का सीधा संबंध आमजन से होता है, आमजन को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ पूर्ण कराएं।
    असीम अरुण ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पात्र व्यक्तियों को दिया जाए। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समय से पूरा करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराते हुये, उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध करायी जाये।
    प्रभारी मंत्री ने जिले को आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए भी अधिकारियों को राजस्व वसूली पर ध्यान केन्द्रित करने के निर्देश दिए। जिले की अर्थव्यवस्था को बढ़ाए जाने के उद्देश्य से जहां-जहां से भी राजस्व प्राप्ति की संभावना बने राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व वसूली को सुनिश्चित कराते हुए जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि सरकार के द्वारा विभिन्न विकास से जुड़ी हुई योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन्हें संबंधित अधिकारियों के द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएं ताकि सभी विकास कार्यक्रमों का लाभ जनसामान्य को सरलता एवं समय बद्धता के साथ प्राप्त हो सके।
    विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा भी उन्होंने की। जनपद की विशिष्ट उपलब्धियों की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने पाया कि आजादी से अन्त्योदय तक अभियान में 28 अप्रैल से 15 अगस्त 2022 तक भारत सरकार द्वारा देश के 09 मंत्रालयों की 17 योजनाओं में जनपद गाजियाबाद प्रथम स्थान पर रहा है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा जल जीवन सर्वेक्षण के अन्तर्गत माह दिसम्बर 2022 में जनपद गाजियाबाद पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है। वर्तमान में उप्र सरकार द्वारा जनपद के दिव्यांगजनों को पुनर्वास सेवायें प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ जिले के रूप में चयन कर राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिले की उपलब्धियों पर प्रभारी मंत्री द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की गई।
    प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने जिले की कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ गहनता के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप संपूर्ण जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था मानकों के अनुरूप कायम रहे इस संबंध में माइक्रो प्लान तैयार करते हुए निरंतर स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के द्वारा छोटी-छोटी घटनाओं के संज्ञान में आने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए जनपद में कानून व्यवस्था मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा आज बैठक में दिए गए दिशा निदेर्शों का अक्षरश: से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक मंजू शिवाच, अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर, धर्मेश सिंह तोमर, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त नितिन गौड़, अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भवतोष शंखधर, डीएफओ, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दिक्षित, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीर सिंह समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, पंचायत अन्य संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *