Dainik Athah

देर रात तक जारी हो जायेगा आरक्षण

अब पहले पार्षद- सभासदों का जारी होगा आरक्षण

महापौर- निकाय अध्यक्षों के आरक्षण के लिए एक- दो दिन करना पड़ सकता है इंतजार

तैयारियां पूरी, किसी भी समय आ सकता है आरक्षण

अथाह ब्यूरो
लखनऊ/ गाजियाबाद।
निकाय चुनाव आरक्षण पर संभावित दावेदारों के साथ ही हर खास और आम की नजरें टिकी है। नगर निगम के पार्षदों के साथ ही नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के सभासदों का आरक्षण आज देर रात जारी हो जायेगा। वहीं, महापौर एवं निकाय अध्यक्षों का आरक्षण मंगलवार अथवा बुधवार में जारी होगा।
प्रदेश में 763 निकायों जिनमें 17 नगर निगम, दो सौ नगर पालिकाएं एवं 546 नगर पंचायतों के चुनाव कराने के लिए नगर विकास विभाग में दिन- रात काम चल रहा है। 763 निकायों में प्रदेश की करीब 22 फीसद आबादी आती है। निकाय चुनाव के आरक्षण के लिए पिछले एक माह से नगर विकास विभाग में तैयारियां जोरों पर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महापौर एवं नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायत अध्यक्षों का आरक्षण शासन स्तर पर तैयार हो गया है। यह आरक्षण सोमवार को जारी किया जाना था। लेकिन सूत्र बताते हैं कि अब पहले पार्षद एवं सभासदों का आरक्षण जारी किया जायेगा।
सूत्र बताते हैं कि अब तक की परंपरा भी यहीं रही है कि पहले पार्षदों एवं सभासदों का आरक्षण जारी किया जाता है। इसी परंपरा को अब भी निभाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि आज देर रात तक (जब अखबार आपके हाथ में पहुंचेगा उससे पहले) पार्षदों एवं सभासदों का आरक्षण जारी कर दिया जायेगा। समाचार लिखे जाने तक नगर विकास विभाग के उच्चाधिकारी एवं कर्मचारी सार्वजनिक अवकाश के बावजूद अपने कार्यालय में मौजूद थे। ये सब आरक्षण जारी करने के काम में लगे हैं।
गाजियाबाद प्रशासन के सूत्रों की मानें तो देर रात तक भी आरक्षण प्राप्त होने के बाद मंगलवार को ही पार्षद एवं सभासदों के आरक्षण का विधिवत प्रकाशन किया जायेगा। सूची नोटिस बोर्डों पर चस्पा करने के साथ ही विज्ञप्ति भी जारी करने की तैयारी है। यह हर नगर पालिका स्तर एवं उप जिलाधिकारी स्तर से होगा।

सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री समेत अन्य प्रमुख मंत्रियों के चुनाव प्रचार में लखनऊ से बाहर होने के कारण ही महापौर एवं अध्यक्षों के आरक्षण में एक- दो दिन की देरी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *