Dainik Athah

आज घोषित होगा महापौर, नगर पालिका- नगर पंचायत अध्यक्षों का आरक्षण!

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव की उलटी गिनती अब होगी शुरू

दिसंबर के प्रथम सप्ताह में पार्षद- सभासदों का आरक्षण होगा घोषित

2012 के आरक्षण के हिसाब से ही इस बार होगा आरक्षण

2017 को शून्य करने से मुख्यमंत्री के इनकार के बाद आरक्षण की तैयारी पूर्ण

गाजियाबाद महापौर सीट अनारक्षित होने की प्रबल संभावना, मोदीनगर- लोनी चेयरमैन होंगे आरक्षित

अशोक ओझा
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव की उलटी गिनती आगामी 24 घंटे में शुरू हो जायेगी। सरकार महापौर पदों के साथ ही नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायत अध्यक्षों का आरक्षण हर हाल में मंगलवार तक घोषित हो जायेगा। इसके बाद सभासदों एवं पार्षदों का आरक्षण घोषित किया जायेगा। गाजियाबाद महापौर विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निकाय चुनाव के लिए आरक्षण आज जारी होने की प्रबल संभावना है। यदि आज (सोमवार) किसी कारणवश आरक्षण जारी नहीं होता है तो मंगलवार को हर हाल में महापौर पदों के साथ ही नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायत अध्यक्षों का आरक्षण जारी हो जायेगा। सरकार के सूत्रों की मानें तो आरक्षण के लिए 2012 को आधार वर्ष माना गया है। इससे पहले 2017 को शून्य करने की तैयारी थी, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 को शून्य करने एवं नये सिरे से आरक्षण करने को मंजूरी प्रदान नहीं की। यदि सरकार 2017 को शून्य कर देती एवं नये सिरे से आरक्षण होता तो संभावना था कि इस आरक्षण को अदालत में चुनौती दी जा सकती थी। यहीं कारण है कि सरकार ने इस प्रकार की कोई संभावना नहीं छोड़ी।


सूत्रों का दावा है कि आरक्षण घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसी कारण सोमवार को आरक्षण जारी करने के साथ ही एक सप्ताह दावे एवं आपत्तियों के लिए दिये जायेंगे। महापौर एवं अध्यक्षों का आरक्षण घोषित होने के दो दिन पार्षदों एवं सभासदों का आरक्षण घोषित होने की पूरी संभावना है। जितने पेंच महापौर एवं अध्यक्षों के आरक्षण में थे वैसा कोई पेंच पार्षद एवं सभासदों के मामले में नहीं है।


सूत्रों पर भरोसा करें तो विधानसभा सत्र के ठीक बाद नौ अथवा 10 दिसंबर को निकाय चुनाव की अधिसूचना भी जारी हो जायेगी। सरकार का प्रयास है कि दिसंबर के अंत तक पहले चरण का चुनाव संपन्न हो जाये। यदि समय बढ़ता है तो फिर सर्वोच्च न्यायालय में जवाब देना पड़ सकता है।

गाजियाबाद जिले में क्या हो सकता है संभावित आरक्षण

गाजियाबाद नगर निगम महापौर पद- सामान्य, मोदीनगर नगर पालिका अध्यक्ष- आरक्षित, मुरादनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद- सामान्य महिला अथवा सामान्य, लोनी नगर पालिका अध्यक्ष- ओबीसी, खोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष- सामान्य। इसी प्रकार नगर पंचायतों में निवाड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष- सामान्य, डासना नगर पंचायत अध्यक्ष- सामान्य, फरीदनगर नगर पंचायत अध्यक्ष- सामान्य महिला, पतला नगर पंचायत अध्यक्ष- ओबीसी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *