Dainik Athah

पूर्व विधायक सुदेश शर्मा- यशवीर सिंह समेत रालोद के अनेक नेता भाजपा में शामिल

खतौली विस उप चुनाव से पहले भाजपा का रालोद को झटका

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने किया सभी को भाजपा में शामिल

गाजियाबाद शहर सीट पर बसपा प्रत्याशी रहे केके शुक्ला की भी हुई घर वापसी

अथाह संवाददाता
मेरठ /गाजियाबाद।
खतौली विधानसभा उप चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राष्टÑीय लोकदल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जोरदार झटका दिया है। रालोद के पूर्व विधायक सुदेश शर्मा समेत रालोद के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रदेश संगठन मंत्री यशवीर सिंह समेत रालोद एवं बसपा के सैकड़ों लोगों को भाजपा में शामिल कर लिया।
रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिह चौधरी सुबह मेरठ के सर्किट हाऊस पहुंचे। यहीं पर उन्होंने यशवीर सिंह, सुदेश शर्मा समेत अन्य लोगों को भाजपा में शामिल करने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास रखते हैं। देश के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी का स्वागत है। आॅनलाइन सदस्यता लगातार चलती रहती है। जो भी आना चाहता है, उसके लिए दरवाजे हमेशा के लिए खुले हैं।

इस दौरान चौधरी चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जयन्त चौधरी गलत रास्ते पर हैं। वह चौधरी चरण सिंह की नीतियों और उनके रास्तों से भटक गए हैं। खतौली विधानसभा के उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि यहां भाजपा निश्चित रूप से जीतेगी। भाजपा ही हमेशा नंबर वन नहीं है। यहां के लोगों का विश्वास और प्रेम भाजपा के प्रति है। जयन्त चौधरी के एक बयान पर उन्होंने कहा कि मौसम सुहाना है, रालोद नेताओं के भाजपा में आ जाने से मौसम और भी ज्यादा सुहाना हो गया है। उन्होेंने कहा कि भाजपा का परिवार बढ़ रहा है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सभी जाति, धर्म के लोगोें को साथ लेकर चलती है। भाजपा में एक छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी राष्टÑीय अध्यक्ष बन सकता है। इस मौके पर क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, मेरठ से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

कौन कौन प्रमुख लोग हुए भाजपा में शामिल

  • . सुदेश शर्मा- मोदीनगर से रालोद के पूर्व विधायक, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन मोदीनगर (इनके साथ मोदीनगर नगर पालिका के एक दर्जन सभासद, एक दर्जन से ज्यादा ग्राम प्रधान एवं पूर्व प्रधान भी भाजपा में शामिल हुए)
  • . यशवीर सिंह- रालोद मेरठ के पूर्व जिलाध्यक्ष, मेरठ मंडल, क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में रालोद के प्रदेश संगठन मंत्री। सिवालखास से रालोद के प्रत्याशी रहचुके हैं।
  • . भोपाल सिंह गुर्जर- पूर्व ब्लाक प्रमुख, रालोद के प्रमुख पदों पर रहे एवं वर्तमान में हस्तिनापुर क्षेत्र रालोद के क्षेत्रीय महासचिव
  • . केके शुक्ला- बसपा के टिकट पर गाजियाबाद शहर विधानसभा से चुनाव लड़े (पूर्व में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे)
  • . संजय जाटव- रालोद में प्रमुख पदों पर रहे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में एक वोट से हारे, वर्तमान में मेरठ- सहारनपुर मंडल एससी/एसटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष
  • . नेहा सिरोही- स्व. चौधरी अजित सिंह की नजदीकी रिश्तेदार एवं रालोद क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ
  • . डा. ईश्वर चंद सागर- चौधरी चरण सिंह विवि मेरठ के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, पूर्व महामंत्री छात्र संघ, प्रदेश महामंत्री अंबेडकर मोर्चा।

दैनिक अथाह की भविष्यवाणी फिर हुई सच साबित

दैनिक अथाह ने पिछले दिनों खबर के माध्यम से स्पष्ट रूप से बता दिया था कि रालोद के पूर्व विधायक सुदेश शर्मा भाजपा में शामिल होंगे। इसके साथ ही खबर में यह भी बताया गया था कि कौन उनके शामिल होने के पक्ष एवं कौन विपक्ष में था। दैनिक अथाह की यह भविष्यवाणी आज एक बार फिर सच साबित हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *