Dainik Athah

सपा सरकार दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थी, भाजपा सरकार में कानून का डंडा चल रहा है: भूपेंद्र सिंह चौधरी

सपा सरकार में केवल सैफई कुनबे और उनके चहेतों का विकास हुआ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मैनपुरी के करहल, किशनी एवं भोगांव में बूथ सम्मेलनों को किया संबोधित

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में केवल सैफई कुनबे तथा उनके चहेतों का विकास हुआ है। जबकि भाजपा की सरकार सबको साथ लेकर सबका विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार दंगाईयों के साथ खड़ी रहती थी। सपा की सरकार में गुंडे, माफिया, अपराधी खुलेआम गुंडई करते थे, जमींन और मकानों पर कब्जे करते थे। लेकिन आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार में बडे़-बडे़ अपराधियों व गरीबों को लूटकर अनैतिक संपत्ति अर्जित करने वालों पर कानून का डंडा चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार शून्य पर है।


भूपेन्द्र सिंह चौधरी गुरूवार को मैनपुरी के करहल में करहल व मैनपुरी विधानसभा तथा किशनी में किशनी व भोगांव विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकतार्ओं से संवाद करते हुए कहा कि इस बार नया इतिहास लिखा जाएगा और भाजपा मैनपुरी सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में संकट मोचन मंदिर, अयोध्या, लखनऊ कचहरी विस्फोट के दंगाइयों के मुकदमों को वापिस लेने का काम किया गया। लेकिन आज भाजपा सरकार में दंगाई घर में दुबक गए हैं।


चौधरी ने कहा कि भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता पार्टी के किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकता है। सपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित तमाम बडे़ पद एक परिवार के लिए ही आरक्षित है। सपा सहित तमाम विपक्षी दलों में सिर्फ परिवारवाद का सिद्धान्त लागू है। पिछली सरकारों में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधायें भी पक्षपात व भ्रष्टाचार के कारण जनसामान्य की पहुंच से दूर थे। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में ही पार्टी पूरा चुनाव लड़ रही है। पन्ना प्रमुख घर-घर जा कर सम्पर्क करके भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचायें तथा जो मतदाता शहर से बाहर हैं उनसे मतदान के लिए सम्पर्क कर शत-प्रतिशत मतदान के अभियान में जुटें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *