Dainik Athah

सेना में भर्ती का आयोजन हुआ, नौकरी किसी को नहीं मिली: यादव

डिम्पल को जिताने के लिए अखिलेश कर रहे हैं जनसंपर्क

अथाह संवाददाता
मैनपुरी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मैनपुरी सपा कार्यालय में पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया और मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डिम्पल यादव को विजयी बनाने के लिए व्यापक प्रचार एवं सघन जनसम्पर्क भी किया।
अखिलेश यादव ने बुधवार को सुमन दिवाकर, संजय गम्भीर, बीनू बंसल, लालू वर्मा, सुजीत शर्मा, अशोक चौहान, रजनीश मिश्र, आर.डी. निगम, उपेन्द्र सविता समेत अन्य कई लोगों के घर जाकर डिम्पल यादव को जिताने की अपील की। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि जो देश की सेवा करना चाहता है वो कभी अग्निवीर नहीं बनना चाहेगा। फरुर्खाबाद में सेना भर्ती का आयोजन हुआ लेकिन नौकरी किसी को नहीं मिली। सरकार कह रही है कि इन योजनाओं से बजट बचा रही है, लेकिन जब देश ही नहीं बचेगा तो बजट कैसे बचेगा।

यादव ने भूतपूर्व सैनिकों से कहा कि अगर आप लोग अपने बूथ को मजबूत कर देंगे, तो इस चुनाव में हमारी सबसे बड़ी जीत होगी। आपके लोग हर जगह हैं। भूतपूर्व सैनिकों की बात पर जनता भरोसा करती है। सबसे ज्यादा रिटायर्ड फौजी मैनपुरी, एटा, इटावा में है। उन्होंने कहा कि भाजपा साजिश कर सकती है। समाजवादी पार्टी पूरी मेहनत कर रही है। पूर्व सैनिक भी साथ दे देंगे तो हमें जीतने से कोई रोक नहीं सकता।

अखिलेश यादव ने नेताजी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी फैसले का मन बनाया तो उन्हें कोई रोक नहीं पाया। नेताजी जब रक्षा मंत्री थे तो सियाचिन में गए, बताया गया कि वहां बहुत ठंड होती है, आप धोती कुर्ते में नहीं जा सकते, लेकिन किसी की परवाह किए बिना वे धोती कुर्ते में ही गए। नेताजी रूस भी धोती कुर्ते में गए थे। रूस के राष्ट्रपति ने भी प्रोटोकॉल तोड़ कर नेताजी का स्वागत किया था। नेताजी ने कभी अपनी जमीन नहीं छोड़ी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *