Dainik Athah

आजादी से अंत्योदय तक अभियान को सफल बनाने में गाजियाबाद को मिला भारत में प्रथम स्थान

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले को मिली एक बड़ी उपलब्धि

26 सितंबर को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में डीएम को किया जाएगा सम्मानित

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
ग्रामीण विकास मंत्रालय, ग्रामीण विकास विभाग भारत सरकार के द्वारा 27 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 75 जिलों में 90 दिनों का आजादी से अंत्योदय तक अभियान चलाया गया।, जिसके तहत केंद्र सरकार के 09 मंत्रालयों, विभागों की चुनी हुई 17 योजनाओं को लागू करते हुए उनका लाभ प्रत्येक लाभार्थियों तक पहुंचाने की कार्यवाही जनपदों के द्वारा की जा रही थी।

जिसमें भारत सरकार की 17 योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में जनपद गाजियाबाद ने शीर्ष 10 जिलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी क्रम में ग्रामीण विकास विभाग भारत सरकार के संयुक्त सचिव कर्मा जिंपा भुटिया ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को आगामी 26 सितंबर, 2022 को जकरंदा हाल इंडिया हैबिटेट सेंटर लोधी रोड नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत करने के लिए आमंत्रण भेजा है।

सम्मान समारोह में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के साथ मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य मलिक भी उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इस उपलब्धि के लिए अपने सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है कि उनकी मेहनत के फल स्वरुप जनपद को पूरे भारत में यह प्रथम स्थान प्राप्त होने जा रहा है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से आगे भी इसी गतिशीलता के साथ अपने विभागीय कार्यों को करने का आह्वान भी किया है ताकि इसी प्रकार जनपद का आगे भी देश प्रदेश में नाम रोशन होता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *