Dainik Athah

सपा प्रमुख ने भाजपा विधायक नंद किशोर के बयान के जरिये साधा सरकार पर निशाना

बारिश के एक तेज झौंके में भाजपा सरकार की योजनाएं बह गई: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में तेज बारिश से जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। सरकारी दावों और स्थानीय निकायों के कामकाज की भी इससे पोल खुल गई है। राजधानी लखनऊ सहित कई जनपदों में मौतें हुई हैं। स्मार्टसिटी बनाने के नाम पर करोड़ो के वारे-न्यारे हो गए पर हालत हालत जस के तस हैं। बारिश के एक तेज झोंके में ही भाजपा सरकार की तमाम योजनाएं बह गईं।

उन्होंने कहा इन दिनों भारी बरसात होने की भविष्यवाणी पहले ही मौसम विभाग कर चुका है। पर इससे शासन-प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। अधिकारी अनजान बने रहे। फलत: तमाम जगहों पर जलभराव से जनजीवन ठप्प हो गया। जल निकासी की व्यवस्था लचर होने, नालों की सफाई न होने से लोग दिक्कत में फंस गए। घरों तक में पानी भर गया। घर-सम्पत्ति का भारी नुकसान हुआ है। सड़के धंस गई है। इस बरसात ने खेती-बाड़ी को बहुत नुकसान पहुंचाया है। फसलें पानी में डूब गई है। जगह-जगह पेड़ गिर गए हैं। स्कूल-कालेज और सरकारी दफ्तर बंद हो गए। ग्रामीण इलाकों में बिजली पिछले 24 घंटे से गुल है। कई इलाके झील में तब्दील हो गए। भाजपा सरकार की बदइंतजामी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार जनता और जनसमस्याओं के प्रति पूर्णतया उपेक्षा और संवेदनहीनता का रवैया अपनाये हुए है। मुख्यमंत्री सख्ती करने के तथाकथित निर्देश जारी करते रहते हैं पर अब उनके ही अधिकारी उनकी बातों पर ध्यान नहीं देते हैं। भाजपा के विधायक भी कहने लगे हैं कि मुख्यमंत्री कार्यालय से ही लूट चल रही है। जब चारों तरफ लूट-भ्रष्टाचार है तब जनता का क्या हाल है कोई पूछने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *