Dainik Athah

निकाय चुनाव में भाजपा की पउप्र में होगी ऐतिहासिक जीत: मोहित बेनीवाल

भारतीय जनता पार्टी के पउप्र अध्यक्ष की दैनिक अथाह के साथ विशेष बातचीत

गाजियाबाद नगर निगम में पहले से ज्यादा मतों से जीतेगा भाजपा का महापौर

गाजियाबाद नगर निगम समेत सभी नगर पालिकाओं- नगर पंचायतों के वार्ड भी पहले से ज्यादा जीतेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर होगा सेवा पखवाड़े का आयोजन

दो वर्ष में सात चुनावों में भाजपा को हासिल हुई बंपर जीत

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले के खेड़ा गदई गांव के रहने वाले मोहित बेनीवाल की प्रारंभिक शिक्षा शामली के वीवी इंटर कालेज से हुई। यहां से इंटर करने के बाद में उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बीटेक किया। बीटेक करने के बाद मोहित बेनीवाल भारतीय जनता पार्टी से जुड़ गये। वे भाजयुमो के प्रदेश मंत्री रहे। इसकेबाद नव मतदाता अभियान से जुड़े और बिजनौर के साथ ही सहारनपुर के प्रभारी रहे। भाजपा ने उनकी कार्य क्षमता देखकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महामंत्री बनाया। बाद में उन्हें क्षेत्रीय अर्थात पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया। मोहित बेनीवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही वर्तमान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों के प्रभारी भी रहे हैं। शनिवार को वे गाजियाबाद में संगठनात्मक कार्य से आये थे इसी दौरान विभिन्न मुद्दों पर उनसे दैनिक अथाह के संपादक अशोक ओझा ने लंबी बातचीत की।

प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश:-

उत्तर प्रदेश में जल्द ही निकाय चुनाव की घोषणा होने वाली है। इन चुनावों में भाजपा की रणनीति क्या है?
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही है यह ठीक है भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी और पहले से अधिक मतों के अंतर से नगर निगम, नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों में जीत हासिल करेगी।

यदि देखा जाये तो 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा के वार्डों में प्रत्याशी कम जीते, जबकि चेयरमैन अधिक जीते, ऐसा क्यों?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग 150 नगर निकाय है। इसमें चार नगर निगम है जिनमें से तीन पर भाजपा का कब्जा है। इसके साथ ही 58 नगर पालिका एवं 88 नगर पंचायत है। इस बार आप देखियेगा चेयरमैन के साथ ही वार्डों में भी भाजपा के प्रत्याशियों को पहले से अधिक सीटों पर जीत हासिल होगी। सभी नगर निगम भी भाजपा जीतेगी।

गाजियाबाद समेत पउप्र के नगर निगमों के चुनाव को किस रूप में लेते हैं, क्या चुनौती मानते हैं ?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार में तीन नगर निगमों में भाजपा के महापौर विजयी हुए। इस बार चारों नगर निगमों में भाजपा की जीत होगी। गाजियाबाद नगर निगम में जीत का अंतर भी पहले से कहीं ज्यादा होगा। रही बात वार्डों की तो गाजियाबाद नगर निगम में पिछले चुनाव में 57 पार्षद विजयी हुए। इस बार पहले से अधिक वार्ड जीतेंगे। यह भरोसा रखिये।

यदि गाजियाबाद जिले में देखा जाये तो नगर पंचायतों में भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं जीत पाया था, इस बार क्या रणनीति है?
– नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत सभी की स्थिति भिन्न भिन्न होती है। भाजपा ने कोरोना काल से लेकर अब तक जितना सेवा कार्य किया है उसका लाभ उसे मिलेगा।

निकाय चुनाव में भाजपा को जीत हासिल किन कारणों से होगी ?
– कोरोना काल से लेकर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सेवा के इतने काम हुए हैं जिससे हर वर्ग को लाभ मिला है। बगैर किसी भेदभाव के हर गरीब एवं जरुरतमंद को सहायता मिली है। इसका लाभ निश्चित ही भाजपा को प्राप्त होगा। हर वर्ग में भाजपा की पैठ पहले से बढ़ी है। इसी कारण हम कह सकते हैं भाजपा को लाभ प्राप्त होगा तथा निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को जन्म दिवस है इस पर क्या योजना है ?
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के मौके पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़े का आयोजन मंडल एवं बूथ स्तर तक होगा। इस दौरान रक्त दान शिविर, स्वास्थ्य मेला जिसमें निशुल्क रक्तदान शिविर, मोदी जी के व्यक्तित्व पर प्रदर्शनी, स्वच्छता अभियान, जल ही जीवन है, वोकल फार लोकल, कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरण कैंप, विविधता में एकता, कोविड टीकाकरण केंद्रों पर स्टॉल, टीबी मुक्त राष्ट्र, वृक्षा रोपण समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। स्वच्छता एवं जल ही जीवन है के माध्यम से आम लोगों को स्वच्छता एवं पेयजल को लेकर जागरूक किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *